1050 रुपये लेने के बाद भी गलत जन्म प्रमाण पत्र का आरोप

बरेली के मझगवां क्षेत्र में बेटी का सही जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिता सात माह से भटक रहा है। सचिव के मुंशी पर 1050 रुपये लेने और गलत जन्मतिथि दर्ज कराने का आरोप है।

1050 रुपये लेने के बाद भी गलत जन्म प्रमाण पत्र का आरोप
HIGHLIGHTS:

बेटी का सही जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिता करीब सात माह से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।

सचिव के मुंशी पर 1050 रुपये लेने और गलत जन्मतिथि दर्ज कराने का आरोप लगाया।

डीएम के निर्देश के बाद भी समाधान न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की।

जन माध्यम
बरेली।
तहसील आंवला के विकासखंड मझगवां क्षेत्र के आजमपुर निवासी जगदीश चन्द्र वर्मा अपनी पुत्री का सही जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए करीब सात माह से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि जन्म प्रमाण पत्र में जन्मतिथि सही कराने के लिए सचिव के मुंशी को फोन-पे के माध्यम से 1050 रुपये दिए गए, लेकिन इसके बावजूद गलत जन्मतिथि दर्ज कर दी गई। मामले में जिलाधिकारी से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।

जगदीश चन्द्र के अनुसार उनकी पुत्री रूचि की जन्मतिथि कक्षा आठ तक के शैक्षिक अभिलेखों में 13 मई 2007 दर्ज है। उसने प्राथमिक विद्यालय आजमपुर से कक्षा आठ तक पढ़ाई की। उनका कहना है कि कक्षा नौ के वर्ष 2022 के अंक प्रमाण पत्र में जन्मतिथि गलती से 25 जुलाई 2006 दर्ज हो गई।

पिता के मुताबिक जनवरी 2026 में सही जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ। इसके बाद 16 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई। डीएम ने उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को जांच कर प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए।

आरोप है कि जांच के बाद भी सचिव की ओर से सही जन्मतिथि के बजाय 31 मई 2007 की रिपोर्ट लगा दी गई। जगदीश चन्द्र का दावा है कि जन्मतिथि सही कराने के लिए उन्होंने सचिव के मुंशी अजीत कुमार सिंह को फोन-पे से 1050 रुपये दिए थे। उनके मुताबिक रुपये लेने के बाद जन्मतिथि सही कराने का आश्वासन दिया गया था।

मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। शिकायत संख्या 92615000062057 बताई गई है। जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र की संख्या 20015026015734 और अपर सचिव से संबंधित शिकायत संख्या 92615000066791 बताई गई है।

जगदीश चन्द्र ने अधिकारियों से कक्षा आठ तक के शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर उनकी पुत्री का सही जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की है। साथ ही गलत जन्मतिथि दर्ज करने और कथित रूप से रुपये लेने के आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।