13 सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन

बरेली में ट्रेड यूनियंस फेडरेशन ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

13 सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया।

42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।

दस अगस्त के देशव्यापी प्रतिरोध दिवस के समर्थन में एकजुटता जताई।

जन माध्यम
बरेली।
केंद्रीय श्रमिक संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

फेडरेशन ने ट्रेड यूनियन बनाने और सामूहिक सौदेबाजी के अधिकार की गारंटी, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा क्षेत्र के निजीकरण पर रोक लगाने तथा न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये करने की मांग की। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में असंगठित, प्लेटफॉर्म और गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा, चारों नई श्रम संहिताओं की वापसी और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और विद्युत संशोधन विधेयक 2025 वापस लेने की मांग भी उठाई गई।

फेडरेशन अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने ज्ञापन को उपस्थित लोगों के समक्ष पढ़कर सुनाया। महामंत्री संजीव मेहरोत्रा, ध्यान चंद्र मौर्य, केपी सिंह, हरिशंकर, सर्वेश, एडवोकेट यशपाल सिंह, राजेश तिवारी, वीरपाल, मोइनुद्दीन, सतीश सिंह, रामसेवक, क्रांतिकारी किसान संघ के हिमांशु और ओम प्रकाश समेत अन्य मौजूद रहे।

वक्ताओं ने श्रमिकों और किसानों की मांगों को लेकर एकजुट संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही दस अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी प्रतिरोध दिवस के समर्थन में भी अपनी भागीदारी जताई।