गोंडा में भी चमका बरेली के अधिवक्ता का सितारा
बरेली के वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव ने गोंडा जिला न्यायालय में डे-लाइट मर्डर मामले में जिरह की और पुराने परिचितों से मुलाकात की।
बरेली के वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव का गोंडा जिला न्यायालय में पुराने परिचितों से आत्मीय मिलन हुआ।
डे-लाइट मर्डर मामले में उन्होंने वादी से जिरह शुरू की, लेकिन गवाह की तबीयत खराब होने पर कार्यवाही स्थगित हुई।
लंच के दौरान गोंडा के डीजीसी समेत वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अरविंद श्रीवास्तव का सम्मान किया।
जन माध्यम
बरेली। बरेली के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव गोंडा जिला न्यायालय पहुंचे तो पुराने परिचितों से आत्मीय मुलाकात हुई। जिला जज दुर्ग नारायण सिंह ने न्यायालय कक्ष में प्रवेश करते ही वरिष्ठ अधिवक्ता को पहचान लिया और उनका हालचाल पूछा। दोनों के बीच बरेली से जुड़ी विभिन्न बातों पर काफी देर तक बातचीत हुई।
बताया गया कि जिला जज दुर्ग नारायण सिंह करीब 13 वर्ष पूर्व बरेली में तैनात रह चुके हैं। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय रहा था।
गोंडा जिला न्यायालय में चल रहे एक डे-लाइट मर्डर मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव ने वादी मुकदमा से जिरह शुरू की। करीब दो पृष्ठ की जिरह पूरी होने के बाद वादी पक्ष के निजी अधिवक्ता ने गवाह की तबीयत खराब होने की बात न्यायालय के समक्ष रखी।
इसके बाद लंच के पश्चात वादी पक्ष के निजी अधिवक्ता की ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। अब गवाह से शेष जिरह अगली तारीख पर होगी।
लंच के दौरान गोंडा के डीजीसी समेत अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अरविंद श्रीवास्तव का सम्मान किया। उनके लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं के बीच विभिन्न न्यायिक और बार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बातचीत के दौरान गोंडा बार की ओर से अपने साथियों के लिए डेथ क्लेम के तहत आठ लाख रुपये दिए जाने की व्यवस्था की जानकारी भी सामने आई।