देवरनियां में बारिश से कच्चा मकान ढहा, दो भाई घायल

देवरनियां के चांदपुर चुबाकिया गांव में तेज बारिश के दौरान कच्चा मकान ढह गया। मलबे में दबे दो भाइयों को ग्रामीणों ने निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

देवरनियां में बारिश से कच्चा मकान ढहा, दो भाई घायल
HIGHLIGHTS:

देवरनियां के चांदपुर चुबाकिया गांव में तेज बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर ढह गया।

मलबे में दबे महेंद्र पाल और वीर पाल को ग्रामीणों ने बाहर निकाला।

दोनों भाइयों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जन माध्यम
देवरनियां, बरेली।
कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के चांदपुर चुबाकिया गांव में रविवार देर रात करीब तीन बजे लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर महेंद्र पाल और उनके भाई वीर पाल मौजूद थे। मकान गिरने से दोनों मलबे में दब गए। शोर और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर महेंद्र पाल पुत्र रामचंद्र और वीर पाल पुत्र रामचंद्र को बाहर निकाला। मकान के मलबे में पशु भी दब गए थे, जिन्हें भी ग्रामीणों ने बाहर निकाला।

हादसे में घायल दोनों भाइयों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते मलबे में दबे लोगों और पशुओं को बाहर निकाल लिया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय किसान यूनियन (सरपंच) के जिला अध्यक्ष किशन सिंह, मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह, सतेन्द्र सिंह, जोवेन्द्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, अजय पाल सिंह और सुखवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। हल्का लेखपाल ने भी गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

किसान संगठन के पदाधिकारियों और लेखपाल ने मकान गिरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। किसान को सरकार की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया गया।