मीरगंज: एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने कोतवाली का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण
मीरगंज कोतवाली का एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। अभिलेख, मालखाना, मिशन शक्ति और साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा कर सख्त निर्देश दिए।
➡️ एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने थाना मीरगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया
➡️ अपराध, विवेचना और जनसुनवाई रजिस्टरों की गहन जांच
➡️ मालखाना, सीसीटीएनएस, बीट व्यवस्था और चौकी प्रबंधन की समीक्षा
➡️ लंबित मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
➡️ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुधार पर जोर
➡️ मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश
➡️ साइबर हेल्प डेस्क पर रिकवरी और जागरूकता बढ़ाने का निर्देश
करण पाल सिंह/ जन माध्यम
मीरगंज।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने सोमवार को थाना मीरगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, कार्यप्रणाली एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
एसपी साउथ ने अपराध रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला एवं बाल अपराध से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही मालखाना, सीसीटीएनएस कार्य, बीट व्यवस्था, चौकी प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, थाना परिसर की स्वच्छता, बैरक, मेस तथा कार्यालय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए एसपी साउथ ने उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर एसपी साउथ ने विस्तृत चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम, संवेदनशील स्थलों की पहचान और प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर बल दिया।
मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता से जुड़े कार्यों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए साइबर अपराधों में कार्रवाई की दर बढ़ाने, वित्तीय रिकवरी में वृद्धि करने, पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा साइबर जागरूकता अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ मीरगंज अजय कुमार, थाना अध्यक्ष संजय तोमर, चौकी इंचार्ज पंकज कुमार गौतम, कांस्टेबल अभिषेक सोम, रजत मलिक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।