मीरगंज में एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक

मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर कार्यक्रम को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां और 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

मीरगंज में एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों संग बैठक
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज में एसआईआर को लेकर बैठक आयोजित
➡️ एसडीएम आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता
➡️ 6 जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित
➡️ फार्म 6, 7 और 8 से नाम जोड़ने-सुधार की सुविधा
➡️ 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां स्वीकार

 

करण पाल सिंह/ जन माध्यम।

मीरगंज, बरेली। विधानसभा क्षेत्र मीरगंज की निर्वाचन नामावली के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को तहसील सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने की।

बैठक में एसडीएम ने जानकारी दी कि विधानसभा निर्वाचन नामावली का आलेख (ड्राफ्ट) प्रकाशन 6 जनवरी को किया जा चुका है। ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है, साथ ही यह सूची ऑनलाइन भी जारी कर दी गई है, जिसे कोई भी मतदाता डाउनलोड कर देख सकता है।

उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म संख्या 6, नाम हटवाने के लिए फार्म संख्या 7 तथा नाम, माता-पिता, दादा-दादी या आयु में त्रुटि सुधार के लिए फार्म संख्या 8 भरना अनिवार्य है। सभी दावे एवं आपत्तियां संबंधित बीएलओ को 6 फरवरी तक जमा कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च को किया जाएगा।

एसडीएम ने बताया कि मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर भी ड्राफ्ट सूची में अपना नाम देख सकते हैं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,51,470 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 3,04,040 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं।

जांच में 8,283 मृतक मतदाता, 10,757 अनुपस्थित या स्थानांतरित, 5,130 एक से अधिक स्थान पर पंजीकृत तथा 669 अन्य अनियमित मतदाता पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 12,581 मतदाता ऐसे हैं, जो अपना या अपने माता-पिता एवं दादा-दादी का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं करा सके।

ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग के ई-सी जननेट सिस्टम से नोटिस जारी कर बीएलओ के माध्यम से तामील कराई जाएगी। नोटिस की सुनवाई के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित कुल 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।