व्यापारियों के हित में खाद विभाग के खिलाफ धरना जल्द

बरेली में राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध और खाद विभाग के खिलाफ धरने की घोषणा की गई।

व्यापारियों के हित में खाद विभाग के खिलाफ धरना जल्द
HIGHLIGHTS:

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जल्द खाद विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की घोषणा।

मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर उत्पीड़न और सर्वे बंद करने की मांग।

राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल ने जिला युवा टीम के पदाधिकारियों की घोषणा की।

जन माध्यम
बरेली।
राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल बरेली की कोर कमेटी की बैठक सिटी ऑफिस में मंडल प्रभारी जितेंद्र रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया गया। व्यापारियों के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर जल्द ही खाद विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

मंडल प्रभारी जितेंद्र रस्तोगी ने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके हित में आवाज उठाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से लगातार व्यापारी संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं और कथित उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर खाद विभाग के खिलाफ जल्द धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को पत्र सौंपा जाएगा। इसमें व्यापारियों के लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न को बंद करने की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। अब सहालग और त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे समय में जीएसटी और खाद विभाग की ओर से किए जाने वाले सर्वे तत्काल बंद किए जाएं और व्यापारियों का किसी भी तरह शोषण न हो।

बैठक में जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने जिला युवा टीम की घोषणा की। ईशान सक्सेना ‘इशू’ को युवा प्रभारी, मंजीत सिंह बिट्टू को युवा अध्यक्ष, राहुल खंडेलवाल को वरिष्ठ महामंत्री और भगवान स्वरूप को महामंत्री बनाया गया।

सरदार सतनाम सिंह एवं शुभम अग्रवाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुमित गंगवार को कोषाध्यक्ष, विभोर गोयल को संगठन मंत्री तथा गौरांग गौरव को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा करीब 40 अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।

बैठक के दौरान कई व्यापारियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। महामंत्री अनिल पाटिल ने नई युवा टीम के सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विकास भार्गव, अरुण मेहता, प्रशांत सक्सेना, गोल्डी खुराना, सचिन गोयल, रंजीत सिंह, गुरमीत सिंह, प्रवीण अरोरा, गुरदीप सिंह, रजत वर्मा, अमन चौरसिया, शिवम राजपूत, सचिन जायसवाल, शानू काज़मी, अनिल प्राप्ति, शारद अग्रवाल, मिथलेश गंगवार, मोहित शर्मा, मंजीत सिंह नागपाल, संजीव औतार अग्रवाल, अमित भारद्वाज सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।