बरेली में 23 अक्टूबर से सजेगा रोटरी क्लब का 40वां दशहरा मेला
रोटरी क्लब बरेली साउथ का 40वां विराट दशहरा मेला 23 से 25 अक्टूबर तक बरेली क्लब मैदान में होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आतिशबाजी, रावण दहन और सामाजिक सेवा की गतिविधियां होंगी।
रोटरी क्लब बरेली साउथ का 40वां विराट दशहरा मेला 23, 24 और 25 अक्टूबर को होगा।
गायन, नृत्य, फैंसी ड्रेस, मेला क्वीन, आतिशबाजी और 25 अक्टूबर को रावण दहन होगा।
मेले की आय से दिव्यांगजनों की मदद, ट्राईसाइकिल वितरण और मुफ्त LN-4 कृत्रिम हाथ शिविर की योजना।
जन माध्यम
बरेली। रोशनी, रंगों, संगीत और उत्सव की रौनक के साथ बरेली एक बार फिर दशहरा मेले के स्वागत को तैयार है। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से 40वें विराट दशहरा मेले का आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर को बरेली क्लब मैदान में किया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, मनोरंजक प्रस्तुतियों, खानपान के स्टॉल, आतिशबाजी और पारंपरिक रावण दहन का आकर्षण रहेगा। आयोजकों के मुताबिक, मेले की आय का इस्तेमाल सामाजिक सेवा के कार्यों में किया जाएगा।
तीन दिन अलग-अलग प्रतियोगिताओं की धूम
मेला डायरेक्टर अंकुर बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो परफॉर्मेंस होगी। 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल प्रतियोगिता के साथ प्रतिष्ठित ‘मेला क्वीन’ प्रतियोगिता होगी।
क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुंबई की सिंगर प्रेरणा रावत और एवी डांस ग्रुप प्रस्तुति देंगे। 24 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम भारती गुप्ता और उनकी टीम, जबकि 25 अक्टूबर को रहनुमा बैंड दर्शकों का मनोरंजन करेगा। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले स्टॉल भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे।
उत्सव के साथ सेवा का संकल्प
क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. आईएस तोमर ने बताया कि मेले से प्राप्त आय दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा में लगाई जाती है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से रोटरी पब्लिक स्कूल भी संचालित किया जा रहा है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी, ताकि वे रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने कहा कि इस बार क्लब की ओर से LN-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने का शिविर भी लगाया जाएगा। दुर्घटना या अन्य कारणों से हाथ गंवा चुके लोगों को निशुल्क कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने की योजना है।
खानपान, किड्स जोन और आधुनिक इंतजाम
मेला कोषाध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल ने बताया कि राजस्थानी, चाइनीज, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों के साथ आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल लगाए जाएंगे। सह मेला निदेशक अनुराग गोयल के मुताबिक, बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन तैयार किया जा रहा है, जहां नए इलेक्ट्रॉनिक झूले होंगे। सह मेला निदेशक नयन अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से दिखाने के लिए बड़े आकार की 12 एलईडी लगाई जा रही हैं।
आतिशबाजी और रावण दहन रहेगा आकर्षण
क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि तीनों दिन आतिशबाजी होगी और आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण बनेगा। 24 अक्टूबर को लंका दहन और 25 अक्टूबर को रात 10:30 बजे कुंभकरण, मेघनाद तथा रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी के दौरान बाबा नीम करोली के दर्शन कराने की व्यवस्था भी बताई गई है।
रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि टिकट और अतिथि पास के साथ लकी ड्रॉ कूपन दिया जाएगा। दर्शक कूपन स्टॉल नंबर 2-3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीतने का अवसर पा सकेंगे।
पत्रकार वार्ता में रोहित जिंदल, घनश्याम खंडेलवाल, दिनेश चंद खंडेलवाल, राकेश धीरवानी, वीरेश मित्तल, संजय गर्ग, संजय अग्रवाल, अजय जसोरिया, आईएमएस मेहता, अचल कुमार, प्रदीप मदवार, ध्रुव तिलक सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।