बहेड़ी: सैन्य सम्मान के साथ शहीद मनदीप सिंह को अंतिम विदाई; गमगीन माहौल में गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे
बहेड़ी के ग्राम गौरी खेड़ा गौटिया के लाल शहीद मनदीप सिंह का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुँचा। जाट रेजीमेंट के जवानों ने गॉड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम विदाई। तिरंगे में लिपटा देख हर आँख हुई नम।
बठिंडा में तैनात 71 इंजीनियर रेजीमेंट के हवलदार मनदीप सिंह का पार्थिव शरीर पहुँचा पैतृक गाँव।
जाट रेजीमेंट के जवानों ने गॉड ऑफ ऑनर देकर वीर सपूत को दी अंतिम विदाई।
तिरंगे में लिपटे पिता को देख बिलख पड़े मासूम बच्चे, पत्नी और परिजनों का बुरा हाल।
मुमताज अली। जन माध्यम
बहेड़ी। बरेली। पंजाब के बठिंडा में तैनात 71 इंजीनियर रेजीमेंट के हवलदार मनदीप सिंह (39) का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर उनके पैतृक गांव गौरी खेड़ा गौटिया पहुंचा। जैसे ही शहीद का शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
बरेली जाट रेजीमेंट के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को 'गॉड ऑफ ऑनर' दिया। इस दौरान वातावरण “भारत माता की जय” और “शहीद मनदीप सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। नम आंखों से पत्नी गगनदीप कौर, पुत्र अगमप्रीत और पुत्री गुरलीन ने अपने पिता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। छोटे मासूम बच्चों को अपने पिता के पार्थिव शरीर को नमन करते देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।
हवलदार मनदीप सिंह बठिंडा में तैनात थे, जहां दो दिन पूर्व अचानक हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से उनका निधन हो गया था। सेना के जवान तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर लेकर जब गांव पहुंचे, तो माहौल गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार से पूर्व सेना के अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। जाट रेजीमेंट और बठिंडा से आए जेसीओ सरदार अवतार सिंह ने पूरे सम्मान के साथ शहीद के परिजनों को तिरंगा सौंपा।
शहीद मनदीप सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया, जिसके बाद वे पंचतत्व में विलीन हो गए। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।