मीरगंज में खपरैल ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत

बरेली के मीरगंज के गोरा लोकनाथपुर गांव में बारिश के दौरान खपरैल गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हुआ।

मीरगंज में खपरैल ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत
HIGHLIGHTS:

गोरा लोकनाथपुर गांव में बारिश के दौरान मकान की खपरैल अचानक ढह गई।

मलबे में दबने से फूला देवी की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा सोमपाल गंभीर घायल हुआ।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

जन माध्यम
मीरगंज, बरेली।
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह गोरा लोकनाथपुर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण मकान के ऊपर पड़ी खपरैल अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गोरा लोकनाथपुर निवासी फूला देवी पत्नी निकेश घर की खपरैल के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान बारिश के बीच खपरैल अचानक ढह गई। हादसे के वक्त पास में मौजूद निकेश का भतीजा सोमपाल भी मलबे की चपेट में आ गया।

खपरैल गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। बताया गया कि फूला देवी को गंभीर चोटें आई थीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने सोमपाल को मलबे से बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा रहा।

सूचना मिलते ही मीरगंज कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।