मथुरा कांग्रेस कार्यालय में अंबेडकर जयंती
मथुरा में अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम, बाबा साहेब को श्रद्धांजलि और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प।
कांग्रेस कार्यालय में अंबेडकर जयंती मनाई गई
बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित
नेताओं ने उनके योगदान को याद किया
समानता और सामाजिक न्याय का लिया संकल्प
श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा। भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर सेठबाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर मथुरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर की अध्यक्षता में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि 14 अप्रैल 1891 को जन्मे डॉ. अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने जातिवाद, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को नई दिशा दी। शिक्षा, राजनीति और न्याय व्यवस्था में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। उनके विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।
पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री और संविधान के प्रमुख शिल्पकार थे। उन्होंने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और प्रेरणा का प्रतीक है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता और समानता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन वैद्य मनोज गौड़ ने किया पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में सर्वश्री ललिता देवी रमेश कश्यप दुर्गेश बघेल हर्ष चौरसिया अर्पित जादौन सुशील सागर कुंवर सिंह निषाद अनाम धन्य तिवारी निशू यादव हाशिम हुमेर कृष्ण मोहन सिंह अजय कुमार ऋषि पाल सिंह विजय लोधी यज्ञेश सिंह अजीम शाह अनिल खरे मंजू बलवीर सिंह पीयूष अग्रवाल रवि वाल्मीकि सहित आदि कांग्रेस जन उपस्थित थे।