स्मार्ट मीटर पर महिलाओं का गुस्सा
मथुरा में स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, बिजली घर पहुंचकर लगाए नारे।
महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन किया
हाथों में डंडा लेकर बिजली घर पहुंचीं
स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग
अधिकारियों से नहीं हो सकी मुलाकात
श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा। जब परेशानी हद से गुजर जाती है, तो विरोध भी सड़कों पर उतर आता है। मथुरा में स्मार्ट मीटर को लेकर जनता का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
जमुनापार क्षेत्र में स्मार्ट मीटर के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और हाथों में डंडा लेकर लक्ष्मी नगर स्थित बिजली घर पहुंच गईं। वहां पहुंचकर उन्होंने स्मार्ट मीटर वापस लेने के नारे लगाए और जोरदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी और अन्य दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है। इसी आक्रोश के चलते उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
हालांकि प्रदर्शन के दौरान किसी भी अधिकारी से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। वहां मौजूद कर्मचारियों को ही महिलाओं का विरोध झेलना पड़ा और उन्होंने अपनी बात उन्हीं तक पहुंचाई।
कुछ देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन करने के बाद महिलाएं वापस लौट गईं, लेकिन उनका गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला। यह प्रदर्शन सामान्य विरोध से अलग इसलिए भी रहा क्योंकि महिलाएं हाथों में डंडा लेकर पहुंचीं थीं।
अब तक स्मार्ट मीटर को लेकर सिर्फ जनता की परेशानी सामने आ रही थी, लेकिन अब यह मामला अधिकारियों के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। लगातार बढ़ते विरोध से विभागीय अधिकारियों की चिंता भी बढ़ती नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में यह विरोध और बड़ा रूप ले सकता है।