जहरीला पदार्थ खाने से होटल कर्मचारी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बरेली के प्रेमनगर क्षेत्र में 54 वर्षीय होटल कर्मचारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रेमनगर क्षेत्र के गुद्दड़ बाग निवासी 54 वर्षीय रमेश सिंह की मौत।
परिजन गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जन माध्यम
बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुद्दड़ बाग निवासी 54 वर्षीय रमेश सिंह की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई दिनेश सिंह के मुताबिक रमेश सिंह को पहले पैरालिसिस का अटैक पड़ा था और उनका इलाज चल रहा था। इसके बाद से वह डिप्रेशन में रहने लगे थे। रमेश सिंह दिल्ली के एक होटल में काम करते थे। सोमवार को उनके पिता का कनागत होने के कारण वह दिल्ली से घर आए हुए थे।
परिजनों के मुताबिक रात में रमेश ने कथित तौर पर डिप्रेशन के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उस समय परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं हुई। रात में हालत बिगड़ने पर परिजनों को उनके जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी हुई। भाई दिनेश सिंह उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रमेश सिंह के परिवार में पत्नी तारा सिंह और एक बेटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।