फेसबुक गर्लफ्रेंड के झांसे में 8 लाख गंवाए, क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच देकर ठगी

कैंट क्षेत्र के युवक से फेसबुक ‘रिशू’ और बलवीर सिंह ने क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 8 लाख ठग लिए, SSP ने मुकदमा दर्ज कराया।

फेसबुक गर्लफ्रेंड के झांसे में 8 लाख गंवाए, क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच देकर ठगी
HIGHLIGHTS:

➡️ फेसबुक पर ‘रिशू’ से दोस्ती, क्रिप्टो में मुनाफे का लालच
➡️ बलवीर सिंह ने कराई फर्जी ट्रेडिंग
➡️ पहले 5 लाख, फिर 3 लाख – कुल 8 लाख ठगे
➡️ कमीशन के नाम पर रकम रोककर नंबर ब्लॉक
➡️ गुरमीत और मनीषा गौड़ भी शामिल
➡️ SSP अनुराग आर्य के निर्देश पर मुकदमा दर्ज

हसीन दानिश/ जन माध्यम 
बरेली।
सोशल मीडिया पर दोस्ती का फायदा उठाकर क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगों ने कैंट क्षेत्र के एक युवक से करीब 8 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-14, ठिरिया निजावत खां निवासी मोईन खान ने बताया कि फेसबुक पर उनकी दोस्ती ‘रिशू’ नाम की एक लड़की से हुई। बातचीत बढ़ने पर लड़की ने क्रिप्टो ट्रेडिंग में तगड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और अपने साथी बलवीर सिंह से ट्रेडिंग शुरू कराई। दोनों से बात व्हाट्सएप पर होती थी।
मोईन के अनुसार, ठगों ने उनसे ऑनलाइन फॉर्म भरवाया और डिजिटल सिग्नेचर भी कराए। शुरुआती पांच ट्रेड में 30 प्रतिशत कमीशन के नाम पर करीब 5 लाख रुपये जमा कराए गए। छठी ट्रेडिंग में लगभग 3 लाख रुपये और कमीशन दिखाकर पूरी राशि रोक ली गई और कहा गया कि कमीशन जमा करने के बाद ही पैसे निकलेंगे।
एक महीने तक लगातार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और अंत में कॉन्टैक्ट बंद कर दिया। पीड़ित ने ठगी में रिशू के चाचा गुरमीत और नोएडा निवासी मनीषा गौड़ की भी संलिप्तता बताई है।शिकायत मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कैंट पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने धोखाधड़ी व आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग और क्रिप्टो निवेश के नाम पर हो रही ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर अजनबी लोगों के लिंक या निवेश के प्रस्ताव पर भरोसा न करें और कोई रकम ट्रांसफर करने से पहले पुलिस या साइबर सेल से सत्यापन जरूर कराएं।