मीरगंज में दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोप

बरेली के मीरगंज में महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पति की मौत के बाद एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।

मीरगंज में दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोप
मीरगंज मामले में अपने बच्चे के साथ शिकायतकर्ता महिला।
HIGHLIGHTS:

महिला ने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

देवर पर 15 नवंबर 2025 को दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई।

महिला का दावा है कि प्रताड़ना के बाद पति ने जहर पी लिया था और 3 जून 2026 को उनकी मौत हो गई।

जन माध्यम
मीरगंज, बरेली। दहेज उत्पीड़न और महिला के साथ गंभीर अपराध के आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। मीरगंज की रहने वाली करीब 20 वर्षीय सना बी ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की अतिरिक्त मांग, शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना और देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने 2 नवंबर को एसएसपी बरेली को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अपना स्त्रीधन वापस दिलाने की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, सना का निकाह 6 जनवरी 2025 को रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मढ़ैयान निवासी मोहम्मद शहबाज से हुआ था। महिला के माता-पिता ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल के अन्य लोग पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। 26 अगस्त 2025 को मायके पक्ष ने एक लाख रुपये दिए, जिसमें 39 हजार रुपये देवर मोहम्मद फारूक के खाते में ऑनलाइन भेजे गए और 61 हजार रुपये नकद दिए गए। इसके बावजूद शेष चार लाख रुपये की मांग जारी रहने का आरोप है।

महिला ने शिकायत में देवर फारूक पर अश्लील हरकतें करने और 15 नवंबर 2025 को दिल्ली के खोड़ा इलाके में उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना की जानकारी पति को देने और कानूनी कार्रवाई की बात उठने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पति के साथ मारपीट की। आरोप है कि प्रताड़ना से परेशान होकर पति ने जहर पी लिया। उपचार के दौरान 3 जून 2026 को उनकी मौत हो गई।

महिला का यह भी आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसे करीब नौ माह के बच्चे के साथ घर से निकाल दिया और उसके सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान अपने पास रख लिया। अब वह मायके में रह रही है। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपना स्त्रीधन वापस दिलाने की मांग की है।