पत्नी का नंबर लेकर अभद्रता का आरोप, दरोगा की शिकायत

बरेली में व्यक्ति ने किला थाने के दरोगा पर वाहन नंबर से पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया। एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की।

पत्नी का नंबर लेकर अभद्रता का आरोप, दरोगा की शिकायत
ऐ आई द्वारा सांकेतिक फोटो
HIGHLIGHTS:

वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल करने का आरोप।

विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देने की शिकायत।

एसएसपी से कॉल रिकॉर्ड, ऑडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग।

जन माध्यम
बरेली। जिस खाकी पर आम आदमी की हिफाजत और सम्मान की जिम्मेदारी है, उसी पर एक व्यक्ति ने उसकी मर्यादा के खिलाफ आचरण करने का आरोप लगाया है। किला थाने में तैनात दरोगा पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर फोन पर अभद्रता करने और विरोध करने पर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित विपिन कुमार ने एसएसपी से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में विधौलिया निवासी विपिन कुमार ने बताया कि वह जनपद न्यायालय में वरिष्ठ लिपिक हैं, जबकि उनकी पत्नी पूनम वर्मा सरकारी सेवा में सहायक अध्यापिका हैं। शिकायत के मुताबिक, वह कुंवरपुर शिवपुरी स्थित विनायक अस्पताल के पास अपने परिचित से मिलने गए थे। इस दौरान उन्होंने पत्नी के नाम पंजीकृत कार सड़क किनारे खड़ी की थी।

वाहन नंबर से मोबाइल नंबर हासिल करने का आरोप

विपिन कुमार का आरोप है कि इसी दौरान किला थाने में तैनात उपनिरीक्षक निखिल बालियान ने विभागीय ई-वाहन एप्लीकेशन के जरिए कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद दरोगा ने फोन कर उनसे बातचीत की। आरोप है कि बातचीत के दौरान दरोगा ने उनकी पत्नी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पत्नी ने विरोध जताया तो कथित तौर पर उनके साथ और आपत्तिजनक लहजे में बात की गई।

विरोध करने पर जेल भेजने की धमकी

विपिन कुमार के मुताबिक, पत्नी से बातचीत की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और दरोगा से बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान दरोगा ने पद का रौब दिखाया और गंभीर मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी से ऐसी बातचीत की उम्मीद नहीं थी। इस घटना से परिवार मानसिक परेशानी में आ गया।

इंस्पेक्टर पर भी शिकायत अनसुनी करने का आरोप

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया और लिखित शिकायत दी। इसके बाद किला थाने पहुंचकर अपनी बात रखी। आरोप है कि निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखाई। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि वहां उन्हें ही मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा मांगी

विपिन कुमार ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि दरोगा ने किस आधार पर विभागीय एप्लीकेशन से उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। उन्होंने कॉल डिटेल, उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और डायल 112 से जुड़े रिकॉर्ड सुरक्षित कराकर जांच में शामिल करने की मांग की है। दरोगा निखिल बालियान और निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है।