कंपोजिट विद्यालय में चोरी, स्मार्ट क्लास समेत कई कमरों के ताले टूटे

बरेली के मीरगंज स्थित हुरहुरी कंपोजिट विद्यालय में चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर कई कमरों के ताले तोड़ दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कंपोजिट विद्यालय में चोरी, स्मार्ट क्लास समेत कई कमरों के ताले टूटे
HIGHLIGHTS:

• हुरहुरी कंपोजिट विद्यालय में खिड़की की ग्रिल काटकर चोर अंदर घुसे।

• स्मार्ट क्लास, एलबीडी लैब और कई कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगाला।

• पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

जन माध्यम
मीरगंज
/बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हुरहुरी स्थित कंपोजिट विद्यालय में सोमवार रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश खिड़की की ग्रिल काटकर विद्यालय परिसर में दाखिल हुए और स्मार्ट क्लास, एलबीडी लैब, किचन तथा कई अन्य कमरों के ताले तोड़कर भीतर रखा सामान खंगाल दिया। मंगलवार सुबह विद्यालय खुलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

विद्यालय के शिक्षक जाहिद खान ने बताया कि सुबह करीब 7:15 बजे जब वह विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय की खिड़की की ग्रिल कटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो एलबीडी लैब, स्मार्ट क्लास रूम, किचन रूम और प्राथमिक अनुभाग की कक्षा-1 सहित कई कमरों के ताले टूटे पड़े थे। चोरों ने अलमारियों और अन्य स्थानों की भी तलाशी ली। विद्यालय प्रशासन अब उपलब्ध सामान का मिलान कर नुकसान का आकलन कर रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि क्या-क्या सामान चोरी हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस और मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। विद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी अविनाश सिंह को भी दी। इसके बाद ग्राम प्रधान और स्थानीय लोग भी विद्यालय पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फोटो व वीडियो रिकॉर्ड किए। विद्यालय प्रशासन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।