मनमानी पर प्रशासन का शिकंजा, दो बुक स्टाल सील
मथुरा में जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ने छापेमारी कर दो बुक स्टाल सील किए मनमानी वसूली और बिल न देने की शिकायतें सही पाई गईं
दो बुक स्टालों पर हुई छापेमारी
मनमानी वसूली और बिल न देने की पुष्टि
मौके पर ही दुकानों को किया सील
अन्य दुकानदारों को सख्त चेतावनी
जन माध्यम
मथुरा। जब बच्चों की पढ़ाई भी मुनाफाखोरी की भेंट चढ़ने लगे तो प्रशासन का सख्त होना जरूरी हो जाता है और यही सख्ती अब जमीन पर दिखने लगी है। किताबों के नाम पर हो रही मनमानी वसूली पर प्रशासन ने सीधा वार किया है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने गोपनीय जांच के तहत दो बुक स्टालों पर आकस्मिक छापेमारी की। अभिभावकों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि किताबों के दाम मनमाने तरीके से वसूले जा रहे हैं और बिल भी नहीं दिया जा रहा।
जांच के दौरान माई बुक शॉप और कृष्णा पुस्तक एजेंसी पर यही स्थिति सामने आई। दुकानदारों द्वारा न तो किसी प्रकार की छूट दी जा रही थी और न ही बिल उपलब्ध कराया जा रहा था। मौके पर मौजूद अन्य अभिभावकों ने भी इन शिकायतों की पुष्टि की।
स्थिति स्पष्ट होते ही प्रशासन ने दोनों दुकानों को मौके पर ही सील कर दिया और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विद्यालय प्रबंधन और पुस्तक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित दरों पर ही किताबें बेचें और बिल देना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
चेतावनी भी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।