जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़
मीरगंज तहसील में सांसद की जनसुनवाई, बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादी, 15 दिन में समाधान के निर्देश।
तहसील सभागार में जनसुनवाई आयोजित
फरियादियों की बड़ी संख्या में पहुंच
15 दिन में समाधान के निर्देश
अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई का आदेश
करण पाल सिंह। जन माध्यम
मीरगंज, बरेली। उम्मीद की आस लेकर जब लोग अपने दुख-दर्द के साथ पहुंचे, तो सभागार में हर चेहरा न्याय की तलाश में नजर आया। मीरगंज तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस जनसुनवाई का आयोजन बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता अपनी लिखित समस्याएं लेकर पहुंचे और उन्हें सांसद को सौंपा। लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर तत्काल समाधान की उम्मीद जताई।
सांसद ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक पढ़ा और तुरंत संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष तरीके से किया जाए तथा 15 दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट उनके कार्यालय को भेजी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर फरियादी को न्याय मिलना चाहिए और कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने जानकारी दी कि मनरेगा के स्थान पर “जी राम जी” योजना का कार्य जून माह से शुरू किया जाएगा, जो दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इसको लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें।
जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर डीसी वर्मा, ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, गन्ना समिति अध्यक्ष तेजपाल सिंह फौजी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजयवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार सिंह, तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की।