वृन्दावन हादसे में मौतें बढ़ीं

वृन्दावन नाव हादसे में मृतकों की संख्या 15 पहुंची, कई लोग अभी भी लापता, राहत कार्य जारी।

वृन्दावन हादसे में मौतें बढ़ीं
HIGHLIGHTS:

नाव हादसे में मृतकों की संख्या 13

दो से तीन लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका

एनडीआरएफ और अन्य टीमें चला रहीं सर्च अभियान

भविष्य में सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट वितरित

श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम

वृन्दावन, मथुरा। यमुना की लहरों में मचा यह दर्दनाक मंजर अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है, हर गुजरते पल के साथ हादसे की पीड़ा और गहराती जा रही है। वृन्दावन में हुए नाव हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

प्रशासन द्वारा लगातार राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। सर्च अभियान के दौरान दो और श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए हैं। बरामद शवों में लुधियाना के जग्गांव निवासी ऋषभ शर्मा और अरवन एस्टेट डुगरी निवासी डिंकी बंसल शामिल हैं। इस हादसे में डिंकी बंसल की मां मीनू बंसल की मौत पहले ही हो चुकी थी, जिनका शव पूर्व में ही बरामद कर लिया गया था।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की संयुक्त टीमें यमुना नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चला रही हैं। गोताखोर वृन्दावन से लेकर मथुरा के विश्राम घाट तक लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं, ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह के अनुसार अभी भी दो से तीन लोगों के लापता होने की आशंका बनी हुई है, जिसके चलते सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि लापता व्यक्तियों की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने में भी जुट गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मथुरा, वृन्दावन और गोकुल क्षेत्र के नाविकों को 419 लाइफ जैकेट वितरित की जा रही हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि इस घटना से सबक लेते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और नाव संचालन से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।