कलेक्ट्रेट कूच की चेतावनी बेअसर, आईएमसी प्रमुख नजरबंद

कलेक्ट्रेट कूच की चेतावनी बेअसर, आईएमसी प्रमुख नजरबंद
HIGHLIGHTS:

1. शहर में धारा 144 लागू, दामोदर स्वरूप पार्क जाने से पहले ही रोके गए आईएमसी नेता

Bareilly News: अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचार के विरोध में कलेक्ट्रेट जाकर गिरफ्तारी देने का ऐलान कर चुके इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां को रविवार सुबह से ही नजरबंद कर दिया गया। उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। शहर के कई थानों की फोर्स उनके घर के आसपास मोर्चा संभाले हुए है।

मौलाना के अलावा आईएमसी के वरिष्ठ नेता नफीस खान सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों को भी उनके घरों में हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में धारा 144 लागू है और बिना अनुमति कोई धरना, प्रदर्शन या गिरफ्तारी का कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, मौलाना और उनके समर्थकों की योजना दामोदर स्वरूप पार्क से कूच करने की थी, लेकिन पुलिस ने किसी को भी बाहर निकलने नहीं दिया। इस बीच यह भी चर्चा है कि पूरी कार्रवाई पहले से तय स्क्रिप्ट के तहत हो रही है। माना जा रहा है कि मौलाना को उनके आवास पर ही ज्ञापन देने का विकल्प दिया जा सकता है। साथ ही वह यहीं से मीडिया को भी संबोधित कर सकते हैं।

अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा

मौके पर एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, सीओ फर्स्ट आशुतोष शिवम, सीओ पंकज श्रीवास्तव, सीओ संदीप कुमार समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस दौरान कोतवाली सहित कई थानों में फोर्स अलर्ट पर रही। दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रही। प्रशासन का कहना था किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।