कांग्रेस का बोलबाला होगा: सकलैनी
चराग मियां उर्स में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्ज़ा अशफाक सकलैनी ने चुनाव में बदलाव और कांग्रेस के मजबूत होने का दावा किया।
➡️ चराग मियां उर्स में पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष सकलैनी
➡️ चादरपोशी के बाद जलसे को किया संबोधित
➡️ आने वाले चुनाव में बदलाव का दावा
➡️ राहुल गांधी और कांग्रेस की जमकर सराहना
➡️ भाजपा सरकारों पर तीखा हमला
➡️ एडवोकेट रियाज अहमद ने ली कांग्रेस की सदस्यता
➡️ सैंथल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
➡️ कांग्रेस में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल
जन माध्यम |
सरफराज़ खान। सैंथल (बरेली)।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिर्ज़ा अशफाक सकलैनी ने कहा है कि आने वाला चुनाव नई इबारत लिखेगा और “वोट चोर” अब सत्ता का मुंह नहीं देखेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इंशाल्लाह आने वाले समय में कांग्रेस का बोलबाला होगा।
मिर्ज़ा अशफाक सकलैनी सैंथल में चराग मियां की मजार पर चल रहे मेला-उर्स में शिरकत करने पहुंचे थे। मजार पर चादरपोशी के बाद उन्होंने एक जलसे को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस और पार्टी नेता राहुल गांधी की जमकर सराहना की, वहीं भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला।
चराग मियां से अपनी अकीदत का इज़हार करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह मन्नतों के चराग जलाने और दरबार में हाजिरी देने आए हैं। उन्हें पूरा यकीन है कि उनकी मन्नतें पूरी होंगी और आने वाला वक्त बदलाव का होगा।
इस अवसर पर एडवोकेट रियाज अहमद ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इससे पूर्व सैंथल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अशफाक सकलैनी का जोरदार स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाएं पहनाई गईं और उनके समर्थन में नारे लगाए गए। स्वागत में शबाब अली और उनके साथियों की विशेष भूमिका रही।