बरेली: शादी से लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही मौत
अलीगंज के धनेती करकपुर निवासी युवक की भमोरा क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत। नोएडा की मोबाइल कंपनी में कार्यरत युवक बदायूं से शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था।
शादी से वापस लौटते समय भमोरा के सिरोही गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा।
अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से 28 वर्षीय खेमपाल वर्मा की मौके पर ही मौत।
मृतक नोएडा की वीवो मोबाइल कंपनी में करता था काम, छुट्टी पर आया था घर।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिवार में मचा कोहराम।
जन माध्यम
बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धनेती करकपुर में उस वक्त मातम छा गया, जब एक युवक की सड़क हादसे में मौत की खबर घर पहुंची। 28 वर्षीय खेमपाल वर्मा पुत्र देवकीनंदन मंगलवार रात जिला बदायूं के शेखूपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था।
तभी थाना भमोरा क्षेत्र के गांव सिरोही के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुबह करीब 6:00 बजे शव को जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया।
मृतक के पिता देवकी नंदन ने बताया कि खेमपाल नोएडा की वीवो मोबाइल कंपनी में काम करता था और इन दिनों छुट्टी पर गांव आया हुआ था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।