बरेली: कल होगा लखनऊ पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी शिरकत
रामगंगानगर में लखनऊ पब्लिक स्कूल की 16वीं शाखा का शुभारंभ कल 30 अप्रैल को होगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार समारोह में शामिल होंगे।
रामगंगानगर आवासीय योजना में लखनऊ पब्लिक स्कूल की 16वीं शाखा का हुआ निर्माण।
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 30 अप्रैल को शाम 4 बजे करेंगी स्कूल का औपचारिक उद्घाटन।
जन माध्यम
बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी खास पहचान रखने वाला लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस अब बरेली में भी अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहा है। सेक्टर-3, रामगंगानगर आवासीय योजना में नवनिर्मित विद्यालय की 16वीं शाखा का भव्य उद्घाटन कल, 30 अप्रैल (गुरुवार) को अपराह्न 4 बजे उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, सांसद नीरज मौर्य, महापौर डॉ. उमेश गौतम और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शिरकत करेंगे।
संस्थान की स्थापना 1983 में शिक्षाविद् डॉ. एस.पी. सिंह पटेल द्वारा की गई थी। अब तक यूपी बोर्ड में 11 बार शीर्ष स्थान हासिल कर चुके इस संस्थान ने बरेली की इस नई शाखा में विद्यार्थियों के लिए रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब और डिजिटल लर्निंग जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। संस्थान प्रबंधन का मानना है कि यह शाखा रुहेलखंड क्षेत्र में शिक्षा के नए मानक स्थापित करेगी।