खेत में धूप सेंकता दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

शीशगढ़ के गोकिलपुर और जगदीशपुर के बीच कुल्ली नदी किनारे खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग निगरानी कर रहा है।

खेत में धूप सेंकता दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
HIGHLIGHTS:

कुल्ली नदी किनारे खेत में धूप सेंकता दिखाई दिया मगरमच्छ।

ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी।

वन विभाग ने निगरानी शुरू की, लोगों को नदी किनारे सतर्क रहने की सलाह।

जन माध्यम
शीशगढ़, बरेली। थाना क्षेत्र में कुल्ली नदी किनारे खेत में धूप सेंकता मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। रविवार सुबह गोकिलपुर और जगदीशपुर के बीच श्मशान भूमि के पास नदी किनारे एक खेत में मगरमच्छ नजर आया। ग्रामीणों ने उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे खेत में बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। उसे देखकर ग्रामीण घबरा गए और गांव में इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि ढकिया डाम नदी में पहले भी कई बार मगरमच्छ देखा जा चुका है। कभी वह नदी से बाहर सूखी जगह पर आ जाता है तो कभी वापस पानी में चला जाता है।

ढकिया डाम चौकी प्रभारी पुनीत सिंह ने बताया कि मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली है। वन विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई है। लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।

वहीं, हल्का वन दरोगा छेदलाल मौर्य ने बताया कि ग्रामीणों से मगरमच्छ दिखने की सूचना मिली है। वन विभाग उसकी निगरानी कर रहा है। लोगों को नदी किनारे सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मगरमच्छ नदी से बाहर दिखाई देने पर उसे रेस्क्यू कर पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।