24 घंटे में दो लाख की लूट का पर्दाफाश

एसएसपी की सख्त निगरानी में भोजीपुरा पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

24 घंटे में दो लाख की लूट का पर्दाफाश
मुठभेड़ के बाद पुलिस हिरासत में घायल आरोपी।
HIGHLIGHTS:

बैंक से दो लाख रुपये निकालकर लौट रहे युवक से तमंचे के बल पर हुई थी लूट।

पुलिस मुठभेड़ में एहसान अली के पैर में लगी गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार।

लूट की पूरी रकम, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक और अवैध हथियार बरामद।

जन माध्यम
बरेली। किसी के लिए दो लाख रुपये जिंदगी की जमा पूंजी होते हैं, तो किसी के लिए परिवार की उम्मीदों का सहारा। बैंक से मेहनत की कमाई लेकर घर लौट रहे उवैश को क्या पता था कि रास्ते में उसे लुटेरों का सामना करना पड़ेगा और भरोसे का हाथ थामकर चल रहा उसका दोस्त ही कथित तौर पर इस वारदात में शामिल निकलेगा। मगर अपराधियों ने जिस रास्ते को अपनी पनाहगाह समझा, वहां पुलिस की मुस्तैदी ने उनकी राह रोक दी। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में  पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन दो लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जबकि एक सिपाही भी चोटिल हो गया। पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है।

भोजीपुरा के ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश शुक्रवार 30 अक्टूबर को अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। अलीनगर से खड़ंजे वाले रास्ते पर ट्यूबवेल के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर लाडपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

शनिवार को मनहेरा पुलिया के पास पुलिस टीम का तीन संदिग्धों से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान एहसान अली निवासी खजुरिया खुर्द, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके साथी विनीत गंगवार निवासी सराय, शीशगढ़ और मोनिश अली निवासी रतना चुन्नीलाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इस खुलासे का सबसे चौंकाने वाला पहलू मोनिश की गिरफ्तारी है। जिस दोस्त के साथ उवैश बैंक से रुपये लेकर निकला था, पुलिस के मुताबिक वही लूट की साजिश में शामिल था। यह गिरफ्तारी भरोसे के रिश्ते पर लगे उस सवाल को भी सामने लाती है, जहां वारदात का राज किसी अनजान चेहरे के पीछे नहीं, बल्कि परिचित के बीच छिपा मिला।

पुलिस ने एहसान के पास से एक लाख रुपये, तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया। विनीत और मोनिश के कब्जे से 50 50 हजार रुपये मिले। वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। इस तरह दो लाख रुपये की पूरी रकम पुलिस के हाथ लग गई।
मुठभेड़ में आरक्षी अंकित कुमार भी घायल हुआ। गोली उनकी बाईं बाजू को छूकर निकल गई। घायल आरोपी और सिपाही को सीएचसी भोजीपुरा में उपचार के लिए भेजा गया।

एसएसपी अनुराग आर्य की अगुवाई में पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई अपराधियों के लिए सख्त संदेश है कि वारदात करके भाग निकलना अब आसान नहीं। लूट का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तारियां और पूरी रकम की बरामदगी पुलिस की सक्रियता और बेहतर समन्वय को दर्शाती है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।