बरेली में गो-तस्करी का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

बरेली के आंवला में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गो-तस्करी के मामले में फरार 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश छोटा उर्फ रिजवान गिरफ्तार। आरोपी और पुलिसकर्मी घायल।

बरेली में गो-तस्करी का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

आंवला-रामनगर मार्ग पर रेवती फाटक के पास पुलिस ने की घेराबंदी।

मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने घुटने में लगी गोली, एक पुलिसकर्मी भी घायल।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 19 मुकदमे दर्ज हैं।

जन माध्यम
बरेली।
आंवला थाना पुलिस ने गो-तस्करी से जुड़े मुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि नौ अक्टूबर को ग्राम आसपुर निवासी गणेश गिरि ने साथियों के साथ थाने में तहरीर देकर बताया था कि आठ और नौ अक्टूबर की रात अज्ञात लोगों ने गोवंशीय पशुओं का वध किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस ने मुरादाबाद निवासी हैदर अली और संभल निवासी शाहरुख को वाहन समेत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

मामले में फरार चल रहे छोटा उर्फ रिजवान पुत्र बब्बू शाह निवासी ग्राम रेवरी खुर्द, थाना मिलक, जनपद रामपुर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार सुबह करीब 6:02 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आंवला-रामनगर मार्ग की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रेवती फाटक के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू को छूकर निकल गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने घुटने में गोली लगी, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आंवला भेजा गया। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 561/2026, धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामपुर जिले का गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रामपुर, बरेली और अन्य थानों में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ गोवंशीय पशुओं की तलाश में क्षेत्र में रेकी करने और पूर्व में बदायूं-आंवला मार्ग पर गोवंशीय पशु के वध की घटना में शामिल होने की बात बताई है।

पुलिस आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध अजीत सिंह, उपनिरीक्षक परमित कुमार, अखिल प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।