सीईआईआर पोर्टल से 455 मोबाइल बरामद, पुलिस ने लौटाए 91 लाख के फोन

बरेली पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस की मदद से जुलाई माह में 455 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 91 लाख रुपये है।

सीईआईआर पोर्टल से 455 मोबाइल बरामद, पुलिस ने लौटाए 91 लाख के फोन
HIGHLIGHTS:

जुलाई में 455 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए गए।

बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 91 लाख रुपये बताई गई।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली साइबर टीमों को सम्मानित किया गया।

जन माध्यम
बरेली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली पुलिस ने जुलाई माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस, साइबर टीम और सर्विलांस सेल ने भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल तथा आधुनिक तकनीकी सर्विलांस की सहायता से 455 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 91 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कोतवाली, प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज, इज्जतनगर, सिरौली, शाही, आंवला, भमोरा, फरीदपुर, भुता, भोजीपुरा, शीशगढ़, देवरनियां, शेरगढ़, नवाबगंज और क्योलड़िया थानों की साइबर टीमों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 से जुलाई 2026 के बीच पुलिस ने कुल 3,048 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ 9 लाख 60 हजार रुपये है। वहीं जनवरी 2025 से जुलाई 2026 तक कुल 6,180 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ 36 लाख रुपये बताई गई है।

थानावार प्रदर्शन में बहेड़ी थाना 46 मोबाइल बरामद कर सबसे आगे रहा। इसके बाद इज्जतनगर ने 33, नवाबगंज ने 29, जबकि कोतवाली और आंवला ने 28-28 मोबाइल बरामद किए। कैंट और बारादरी थाना पुलिस ने भी 24-24 मोबाइल बरामद कर अभियान में उल्लेखनीय योगदान दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुम एवं चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।