बरेली में पुलिस मुठभेड़, छिनैती के दो आरोपी गिरफ्तार
बारादरी पुलिस ने 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर छिनैती की घटना का खुलासा किया। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, दूसरा गिरफ्तार हुआ।
पासपोर्ट कार्यालय के पास महिला का पर्स छीनकर फरार हुए थे आरोपी।
करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मुठभेड़ में उफैजा के पैर में गोली लगी, शकील मौके से गिरफ्तार।
जन माध्यम
बरेली। राह चलते लोगों की मेहनत की कमाई और जरूरी सामान छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को बारादरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, छीना गया मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नकदी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना का खुलासा किया।
सीओ तृतीय शिवम आशुतोष ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार महिला का पर्स दो अज्ञात बदमाश छीनकर फरार हो गए थे। पर्स में मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, बैंक की फाइलिंग कैबिनेट की चाबी और नकदी रखी थी। पीड़िता की शिकायत पर चार नवंबर को थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुराग जोड़ते हुए टीम आरोपियों तक पहुंची।
गुरुवार, पांच नवंबर को भरतौल रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर तमंचों से फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उफैजा (26) पुत्र नईमउद्दीन निवासी काजी टोला, थाना बारादरी के पैर में गोली लग गई। उसके साथी शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज (38) पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी मोहन तालाब, एजाज नगर गौटिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सफेद रंग का ओप्पो मोबाइल, आईसीआईसीआई, बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के तीन एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, छह चाबियां और 1,810 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा .315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल यूपी-25-बीबी-3932 नंबर की मोटरसाइकिल भी मिली है।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने तीन नवंबर की शाम सैटेलाइट से बीसलपुर चौराहे की ओर जाते समय स्कूटी सवार महिला के हैंडल पर टंगा पर्स झपटने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी और छिनैती करते थे। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी वे दूसरी वारदात की फिराक में निकले थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शकील उर्फ शानू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तीन मुकदमे और वर्ष 2022 में हत्या का एक मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ छिनैती के मुकदमे में धाराएं बढ़ाने के साथ मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में भी कार्रवाई की गई है। घायल उफैजा का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुनेन्द्र कुमार, नितिन राणा, धर्मेंद्र कुमार, अमित कुमार समेत बारादरी पुलिस की टीम शामिल रही।