बहेड़ी की बिजली समस्या पर नसीम अहमद ने उठाई 132 केवी पावर हाउस की मांग
बहेड़ी में वर्षों से बनी बिजली समस्या को लेकर पूर्व चेयरमैन पति नसीम अहमद ने ऊर्जा मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर 132 केवी क्षमता का नया पावर हाउस स्थापित कराने की मांग की है।
• बहेड़ी में 132 केवी पावर हाउस निर्माण की मांग को लेकर ऊर्जा मंत्री को भेजा प्रार्थना पत्र।
• बढ़ती आबादी, उद्योगों और तहसील क्षेत्र की जरूरतों का दिया हवाला।
• बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जल्द कार्रवाई की मांग।
जन माध्यम
बहेड़ी/बरेली। नगर में लंबे समय से बनी बिजली समस्या को लेकर पूर्व चेयरमैन पति नसीम अहमद ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर 132 केवी क्षमता का नया पावर हाउस स्थापित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बहेड़ी की बढ़ती आबादी, औद्योगिक गतिविधियों और पूरे तहसील क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए यह परियोजना अब समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।
प्रार्थना पत्र में नसीम अहमद ने बताया कि बहेड़ी नगर की आबादी करीब एक लाख है। यहां दो हजार से अधिक कपड़ा उद्योग, लगभग 20 राइस मिल तथा दर्जनों लकड़ी आरा मशीनें संचालित हैं। इसके अलावा तहसील का सबसे बड़ा कपड़ा बाजार, प्रमुख शिक्षण संस्थान और अस्पताल भी नगर में स्थित हैं, जहां पूरे तहसील क्षेत्र के साथ-साथ उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए आते हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में बहेड़ी के लिए 132 केवी पावर हाउस स्वीकृत किया गया था, लेकिन तत्कालीन विधायक द्वारा इसे अपने गृह क्षेत्र में स्थापित कराए जाने के कारण बहेड़ी इस सुविधा से वंचित रह गया। उनका आरोप है कि इसी कारण नगर वर्षों से बिजली संकट का सामना कर रहा है।
नसीम अहमद ने ऊर्जा मंत्री से जनहित में बहेड़ी में शीघ्र 132 केवी क्षमता का नया पावर हाउस स्थापित कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे नगरवासियों, व्यापारियों, उद्योगों और किसानों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।