मथुरा जंक्शन पर आरपीएफ का अभियान, 97 लोगों पर कार्रवाई

मथुरा जंक्शन रेलवे सुरक्षा बल ने विशेष अभियान चलाकर ट्रेनों और स्टेशन परिसर में यात्रियों को परेशान करने तथा जबरन वसूली के आरोप में 97 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

मथुरा जंक्शन पर आरपीएफ का अभियान, 97 लोगों पर कार्रवाई
HIGHLIGHTS:

मथुरा जंक्शन पर विशेष अभियान के दौरान 97 लोगों के खिलाफ कार्रवाई।

रेलवे अधिनियम के तहत अभियोजन की कार्रवाई की गई।

यात्रियों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन 139 पर देने की अपील।

जन माध्यम
मथुरा।
रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को परेशान करने, जबरन धनराशि मांगने तथा अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 97 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार यह अभियान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा राज मोहन पिचाई के निर्देशन तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त मथुरा परिक्षेत्र अरुण कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक के नेतृत्व में 1 मई 2026 से 22 जून 2026 तक विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान ट्रेनों में यात्रियों से जबरन धनराशि वसूलने, अभद्र व्यवहार करने और रेलवे परिसर में न्यूसेंस फैलाने के आरोप में कुल 97 लोगों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्रवाई की गई। आरपीएफ ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक ऐसे मामलों में कुल 198 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की जबरन वसूली, अवैध गतिविधि या यात्रियों को परेशान करने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति जबरन धनराशि मांगता है, अभद्र व्यवहार करता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम आरपीएफ/जीआरपी अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।