थाना इंचार्ज को सलामी, फिर कानून को खुली चुनौती

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने देर रात युवक पर फायरिंग कर कानून को खुली चुनौती दी। गोली युवक की बांह को छूती हुई निकल गई, लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

थाना इंचार्ज को सलामी, फिर कानून को खुली चुनौती
HIGHLIGHTS:

➡️ परतापुर में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव
➡️ थाना इंचार्ज की मौजूदगी में कानून को खुली चुनौती
➡️ युवक पर जानलेवा फायरिंग, बांह को छूकर निकली गोली
➡️ लोगों ने साहस दिखाकर आरोपी को पकड़ा
➡️ स्कॉर्पियो समेत आरोपी हिरासत में
➡️ इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

जन माध्यम
मेरठ। जब बदमाश कानून को आंख दिखाने लगें और वर्दी के सामने भी दबंगई पर उतर आएं, तो सवाल सिर्फ अपराध का नहीं, व्यवस्था की चुनौती का बन जाता है। ऐसा ही सनसनीखेज मामला थाना परतापुर क्षेत्र से सामने आया है, जहां देर रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने खुलेआम तांडव मचाया और युवक पर जानलेवा फायरिंग कर इलाके में हड़कंप मचा दिया।

पूरा मामला भूड़बराल इलाके का है। बताया जा रहा है कि दिल्ली–देहरादून रोड पर देर रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने थाना इंचार्ज की एंट्री के दौरान दुस्साहसिक अंदाज़ में उन्हें सलामी दी, मानो कानून का मज़ाक उड़ा रहे हों। इसके बाद बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वार्ड 20 से समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत भावी प्रत्याशी से जुड़े युवक ललित विकल को निशाना बना लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश ने अचानक तमंचा निकाला और ललित विकल पर फायरिंग झोंक दी। गोली उनकी जान तो नहीं ले सकी, लेकिन बांह को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बदमाश को पकड़ लिया।

आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो सहित आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी गोली चलाने से नहीं हिचकिचा रहे। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस स्थिति को नियंत्रण में बताए हुए है।