फतेहगंज पश्चिमी में किसानों की तिरंगा रैली, आवारा पशुओं को लेकर चेतावनी
फतेहगंज पश्चिमी के गांव मनकरी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा रैली निकालकर आवारा पशु, सड़क सुरक्षा और भूमि पैमाइश की मांग उठाई।
➡️ भाकियू (टिकैत) ने निकाली सैकड़ों ट्रैक्टरों की तिरंगा रैली
➡️ आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर आक्रोश
➡️ पशु न पकड़े जाने पर तहसील परिसर में छोड़ने की चेतावनी
➡️ उनासी चौराहा हाईवे पर सुरक्षा रेलिंग की मांग
सुन्दर राजपूत । जन माध्यम
फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। फतेहगंज पश्चिमी। गांव मनकरी के भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान के नेतृत्व में किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा रैली निकालकर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। तिरंगा रैली उनासी चौराहा से शुरू होकर टोल प्लाजा तक गई, इसके बाद लोधीनगर चौराहा व ब्लॉक क्षेत्र से होती हुई उनासी चौराहा पर समाप्त हुई।
रैली के उपरांत किसानों ने तहसीलदार आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की गंभीर समस्या को लेकर तीखा आक्रोश जताया। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र आवारा पशुओं को नहीं पकड़ा तो किसान स्वयं पशुओं को पकड़कर तहसील परिसर में छोड़ देंगे। किसानों का कहना है कि आवारा पशु खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को चौपट कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने उनासी चौराहा स्थित हाईवे पर सुरक्षा रेलिंग लगवाने की मांग भी उठाई। किसानों ने बताया कि रेलिंग न होने के कारण लोग डिवाइडर पार करते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन की जान को खतरा बना हुआ है।
इसके साथ ही किसान यूनियन ने नदी के पार स्थित गांव मनकरी, उनासी व दिवना की कृषि भूमि की शीघ्र पैमाइश कराए जाने की मांग रखी। किसानों का कहना है कि पैमाइश न होने के कारण भूमि विवाद बढ़ते जा रहे हैं।लोगों को उनकी जमीन पर कब्जा नही मिल रहा है।
रैली व ज्ञापन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह एवं एसएसआई अशोक कुमार पुलिस फोर्स के साथ रैली में मौजूद रहे। तहसीलदार आशीष कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि सभी मांगों को संबंधित विभागों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। जिससे किसानों को राहत मिल सके