ईडी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में कई कार्यकर्ता घायल
ईडी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने बरेली में भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन किया, पुलिस से झड़प में कई कार्यकर्ता घायल, कुछ हिरासत में।
➡️ ईडी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
➡️ भाजपा कार्यालय के बाहर पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प
➡️ कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल, कुछ हिरासत में
➡️ नेताओं ने भाजपा पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया
➡️ माफी न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
डेस्क/ जन माध्यम
बरेली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को बरेली में भाजपा कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की गई ईडी कार्रवाई के न्यायालय द्वारा निरस्त किए जाने के बाद आयोजित किया गया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता जब भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने राजनीतिक द्वेष के तहत ईडी पर दबाव बनाकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करवाई थी। नेताओं का कहना है कि माननीय न्यायालय ने इस मामले को पूरी तरह निरस्त करते हुए स्पष्ट कर दिया कि न तो ईडी को कार्रवाई का अधिकार था और न ही किसी प्रकार का धन का लेन-देन या अपराध सिद्ध हुआ।
धरने को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष में मतभेद होते थे, लेकिन अब बदले की राजनीति की जा रही है, जिसका कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सार्वजनिक रूप से सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर कांग्रेस जन आंदोलन तेज करेगी।
प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के लिए देश की जनता से माफी मांगी जानी चाहिए। प्रदर्शन में पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।