चलती ट्रेन से धक्का देकर घायल किया यात्री
बरेली में अवध आसाम एक्सप्रेस में टीटी पर यात्री को चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगा है। घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की मांग उठी है।
चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप
यात्री गंभीर रूप से घायल होकर गिरा
108 एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती
मामले ने रेलवे व्यवस्था पर उठाए सवाल
जन माध्यम
बरेली। सफर जो मंजिल तक पहुंचाने के लिए होता है, वही जब दर्द और डर में बदल जाए तो भरोसा भी पटरी से उतर जाता है।
बरेली में रेलवे विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक टीटी पर चलती ट्रेन से यात्री को धक्का देने का आरोप लगा है। इस घटना में यात्री घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा क्षेत्र के गांव हथौड़ा बुजुर्ग निवासी शैलेश पुत्र शैलेन्द्र उम्र 33 वर्ष ने आरोप लगाया है कि वह कमिश्नरी कोर्ट में पेशी के लिए शाहजहांपुर से अवध आसाम एक्सप्रेस में सवार हुआ था। ट्रेन चलने वाली थी, जिस कारण वह टिकट नहीं ले सका और जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ गया।
शैलेश का कहना है कि बरेली पहुंचने से पहले टीटी ने उससे टिकट मांगा। उसने अपनी गलती मानते हुए टिकट बनवाने और पैसे देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि टीटी ने उसके साथ बदतमीजी की और थप्पड़ मार दिए। विरोध करने पर टीटी ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह बरेली जंक्शन से पहले नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल शैलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
इस घटना ने रेलवे व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में आधिकारिक जांच की मांग उठ रही है और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।