23 फरवरी को संत गाडगे महाराज जयंती का भव्य आयोजन

बरेली में 23 फरवरी को संत गाडगे महाराज जयंती आईएमए हाल में मनाई जाएगी। सर्वजन आम पार्टी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से अनुयायी शामिल होंगे।

23 फरवरी को संत गाडगे महाराज जयंती का भव्य आयोजन
HIGHLIGHTS:

➡️ 23 फरवरी को आईएमए हाल में होगा आयोजन
➡️ जिलेभर से अनुयायियों के जुटने का दावा
➡️ सामाजिक जागरूकता और समानता पर होगा फोकस

हसीन दानिश । जन माध्यम
बरेली।
संत गाडगे महाराज की जयंती 23 फरवरी को शहर में भव्य रूप से मनाई जाएगी। सर्वजन आम पार्टी के तत्वावधान में यह समारोह आईएमए हाल में आयोजित होगा, जिसमें जिलेभर से अनुयायी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश भास्कर ने रोटरी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वच्छता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

जयप्रकाश भास्कर ने कहा कि संत गाडगे महाराज सामाजिक चेतना और सुधार के प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर छुआछूत, भेदभाव और अशिक्षा के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका संदेश था शिक्षा अपनाओ, स्वच्छता रखो और समानता का मार्ग चुनो, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य वंचित वर्गों को संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा के महत्व, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में संत गाडगे महाराज के जीवन-संघर्ष और उनके विचारों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। युवाओं को आत्मसम्मान और संगठित सामाजिक प्रयासों का संदेश दिया जाएगा।

भास्कर ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना फैलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। गांव और मोहल्लों तक सूचना पहुंचाई जा रही है। विशेष रूप से दलित समाज, युवाओं और अनुयायियों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह समारोह बरेली में सामाजिक एकता और जागरूकता का सशक्त उदाहरण बनेगा। पत्रकार वार्ता में पार्टी के जिला, महानगर और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।