बरेली: सेंथल कप नाइट टूर्नामेंट का समापन, दो टीमें संयुक्त विजेता

बरेली समाचार: सेंथल में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बारिश के कारण धुला। दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।

बरेली: सेंथल कप नाइट टूर्नामेंट का समापन, दो टीमें संयुक्त विजेता
HIGHLIGHTS:

सेंथल में 7 जून से आयोजित सेंथल कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ शानदार समापन।

बारिश के कारण फाइनल मुकाबला पूरा न होने पर दोनों टीमों को संयुक्त रूप से घोषित किया गया विजेता।

खेल भावना का परिचय देते हुए डॉक्टर इलेवन के कप्तान ने विजेता कप हैदर इलेवन को सौंपने का किया आग्रह।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने के लिए डॉ. शकील को चुना गया सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द सीरीज)।

सरफराज़ खान/ जन माध्यम
बरेली
। जनपद के कस्बा सेंथल में स्टेशन रोड स्थित खेल मैदान पर आयोजित सेंथल कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हो गया। 7 जून से प्रारम्भ हुए इस टूर्नामेंट में विभिन्न क्षेत्रों की खेल टीमों ने सहभागिता की। दूधिया रोशनी से नहाया ग्राउंड स्थानीय खेल प्रेमियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। आयोजन समिति की बेहतर व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार के चलते हर मैच में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।

प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4 टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई थी। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में शमून इलेवन को हराकर हैदर इलेवन ने फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे रोमांचक सेमीफाइनल में परेवा इलेवन को शिकस्त देकर डॉक्टर इलेवन फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबले के दिन अचानक हुई तेज बारिश के कारण मैच को सुरक्षित दिन के लिए स्थगित करना पड़ा। अगले दिन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉक्टर इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 55 रन बनाए। इसके बाद दूसरी पारी में अभी सिर्फ 4 गेंदें ही फेंकी जा सकी थीं कि दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। इसके चलते खेल नियमों के अनुसार दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।

मैच का परिणाम संयुक्त रहने के बाद डॉक्टर इलेवन के कप्तान डॉ. शौजब हसनैन ने उच्च खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने अपनी पूरी टीम की सहमति से विजेता कप हैदर इलेवन को सौंपने का आग्रह आयोजन समिति से किया, जिसके बाद कमेटी द्वारा मुख्य ट्रॉफी हैदर इलेवन को प्रदान की गई। प्रतियोगिता में बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन करते हुए कुल 8 विकेट लेने और 50 से अधिक रन बनाने वाले डॉ. शकील को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

टूर्नामेंट के समापन सत्र में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक (कैच), सर्वश्रेष्ठ निर्णायक (अंपायर) और सर्वश्रेष्ठ उद्घोषक (कमेंटेटर) सहित विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। इसके साथ ही क्षेत्र के पूर्व व वरिष्ठ क्रिकेट जगत से जुड़े खिलाड़ियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक नसीम ज़ैदी, अनवर ज़ैदी और रशी ज़ैदी ने खेल आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।