नो एंट्री में ट्रक,चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

बरेली स्टेडियम रोड पर नो एंट्री में 100 रुपये लेकर ट्रक घुसाने की लापरवाही से बुजुर्ग महिला की मौत, SSP ने 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए।

नो एंट्री में ट्रक,चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
HIGHLIGHTS:

➡️ 100 रुपये में बिकी नो एंट्री
➡️ बुजुर्ग महिला की मौत, परिवार बर्बाद
➡️ चार ट्रैफिक पुलिसकर्मी तत्काल सस्पेंड
➡️ TSI सतनाम, सोनू, अंजू रानी, सौरभ लाइन हाजिर
➡️ 2 होमगार्ड + 2 पीआरडी पर भी गाज
➡️ SSP अनुराग आर्य का जीरो टॉलरेंस

सौ रुपए ने ले ली जान, एसएसपी की सख्ती से विभाग में हलचल

डेस्क/ जन माध्यम 
बरेली।
सड़क पर नियमों की रक्षा करने वाले ही अगर नियम तोड़ने लगें, तो उसका अंजाम कितना भयावह होता है,स्टेडियम रोड का बुधवार का हादसा इसकी कड़वी मिसाल बन गया। मात्र सौ रुपए में नो एंट्री तुड़वाने का खेल बुजुर्ग महिला सुनीता अग्रवाल की जान ले गया और उनका परिवार सदा के लिए टूट गया। लेकिन इस खौफनाक लापरवाही पर एसएसपी अनुराग आर्य की कड़ी नजर टिकते ही भ्रष्टाचार की जड़ें हिल गईं।
हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़ लिया, जिसने खुलासा किया कि उसने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सौ रुपए देकर नो एंट्री में ट्रक घुसाया था। यह सुनते ही भीड़ का गुस्सा भड़क उठा, सड़क जाम हो गई और मौके पर कई थानों की पुलिस को घंटेभर पसीना बहाना पड़ा। मामला जब एसएसपी अनुराग आर्य के पास पहुंचा, उन्होंने बिना देर किए एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान को जांच सौंपी। रिपोर्ट में लापरवाही और भ्रष्टाचार साफ साबित होते ही एसएसपी ने टीएसआई सतनाम सिंह, मुख्य आरक्षी सोनू कुमार, महिला मुख्य आरक्षी अंजू रानी और सिपाही सौरभ को तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच बैठा दी। इतना ही नहीं, भ्रष्टाचार की इस चेन में जुड़े दो होमगार्ड प्रभूदयाल, रामरतन और दो पीआरडी जवान मान सिंह, धर्मपाल पर भी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया। जनता की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी अनुराग आर्य की यह सख्ती न सिर्फ पीड़ित परिवार के लिए इंसाफ का संबल है, बल्कि पूरे जिले के लिए एक चेतावनी भी।