ओलंपियाड में श्री गुलाब राय स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
बरेली के श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन की विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 13 छात्रों ने जोनल रैंक हासिल की और सम्मानित किए गए।
• श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल के 13 विद्यार्थियों ने जोनल रैंक हासिल की।
• कुल 30 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, पदक और पुरस्कार वाउचर दिए गए।
• विद्यालय प्रशासन ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जन माध्यम
बरेली। डोहरा रोड स्थित श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित विभिन्न ओलंपियाड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, पदक और नकद पुरस्कार वाउचर प्रदान किए गए।
समारोह में प्रथम एवं द्वितीय स्तर की ओलंपियाड परीक्षाओं में सफल कुल 30 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें 13 विद्यार्थियों ने जोनल रैंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। विद्यालय के निदेशक त्रिजित अग्रवाल ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
हिंदी ओलंपियाड में कक्षा 3 (वर्तमान कक्षा 4) की छात्रा सम्राज्ञी जायसवाल ने पांचवीं जोनल रैंक प्राप्त कर सिल्वर मेडल, प्रमाणपत्र और एक हजार रुपये का नकद वाउचर हासिल किया।
इसके अलावा अथर्व महाजन शर्मा को सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, विज्ञान और गणित, समृद्ध चौहान को विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी, आरना सिंह को अंग्रेजी, देव कृष्णा को उत्कृष्ट प्रदर्शन, मेधांश गर्ग, मुकुल गंगवार, जर्वी गंगवार, दक्ष गंगवार, इधांत जिंदल और जलज गंगवार को हिंदी ओलंपियाड, शौर्य गंगवार को गणित तथा श्रेया पटेल को विज्ञान ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाणपत्र और 500 रुपये के नकद वाउचर प्रदान किए गए।
विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।