इज्जतनगर लोको शेड पहुंचे महाप्रबंधक, 150वें इलेक्ट्रिक इंजन 'वैभव' को दिखाई हरी झंडी

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इज्जतनगर लोको शेड और मंडल रेलवे चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षा, आधुनिक तकनीक, महिला कर्मचारियों की सुविधाओं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर दिया।

इज्जतनगर लोको शेड पहुंचे महाप्रबंधक, 150वें इलेक्ट्रिक इंजन 'वैभव' को दिखाई हरी झंडी
HIGHLIGHTS:

• महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इज्जतनगर लोको शेड और रेलवे चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया।

• 150वें विद्युत लोकोमोटिव 'वैभव' को राष्ट्र को समर्पित किया और नई परीक्षण प्रणालियों का शुभारंभ कराया।

• महिला कर्मचारियों की सुविधाओं, आधुनिक तकनीक, कर्मचारी कल्याण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर दिया।

जन माध्यम
बरेली।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को इज्जतनगर लोको शेड और मंडल रेलवे चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण कर रेलवे की संरक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और कर्मचारी कल्याण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, तकनीकी संसाधनों को और सुदृढ़ करने तथा रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने गोरखपुर मुख्यालय से आए प्रमुख अधिकारियों तथा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा और अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार के साथ लोको शेड के ओवरहॉलिंग सेक्शन, बोगी अनुभाग और विद्युत रनिंग शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत इंजनों के अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए शेष पिट लाइनों के शीघ्र विद्युतीकरण और आधुनिक उपकरणों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस लोको शेड के 150वें विद्युत लोकोमोटिव 'वैभव' को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे इज्जतनगर मंडल की तकनीकी क्षमता और कार्यकुशलता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

निरीक्षण के दौरान महिला रेलकर्मियों के हाथों 'माइक्रोप्रोसेसर आधारित एमसीबी टाइम करंट टेस्ट यूनिट' का शुभारंभ कराया गया। यह नई प्रणाली तीन-फेज विद्युत इंजनों के एमसीबी परीक्षण को अधिक सटीक, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाएगी। महाप्रबंधक ने महिला कर्मचारियों से संवाद कर कार्यस्थल की सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ रेलकर्मी के हाथों अत्याधुनिक वीवीवीएफ  पैनल का उद्घाटन कराया। इस तकनीक के माध्यम से सहायक मशीनों का विभिन्न वोल्टेज और आवृत्तियों पर परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे अनुरक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता और संरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

महाप्रबंधक ने रेलवे कैंटीन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने रेलकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा अधिकारियों को कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ लोको शेड परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

लोको शेड के निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक उदय बोरवणकर मंडल रेलवे चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी, सर्जिकल आईसीयू, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, महिला एवं पुरुष वार्ड, ओपीडी, औषधि भंडार और अन्य चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।