बरेली: सपा कार्यालय में स्पेशल खिलाड़ियों का सम्मान, सरकार आने पर रोजगार का वादा
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय स्पेशल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक विजेता रिदम शर्मा का जन्मदिन मनाया गया और खिलाड़ियों को रोजगार दिलाने का भरोसा दिया।
सपा कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पेशल खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित।
एशियाई एथलीट चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट रिदम शर्मा का केक काटकर मनाया गया जन्मदिन।
जन माध्यम
बरेली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले स्पेशल खिलाड़ियों के सम्मान में बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की और महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस दौरान मलेशिया में आयोजित एशियाई एथलीट चैंपियनशिप की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली रिदम शर्मा का जन्मदिन भी केक काटकर धूमधाम से मनाया गया। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से खिलाड़ियों की हितैषी रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में सपा सरकार आने पर प्रतिभाशाली और स्पेशल खिलाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि ये खिलाड़ी अपनी मेहनत से समाज के लिए प्रेरणा हैं। कार्यक्रम में संजीव सक्सेना ने खिलाड़ियों के स्पोर्ट्स शूज के लिए कोच अजय कश्यप को आर्थिक सहायता भेंट की। इस मौके पर डॉ. जीराज यादव, राकेश गुप्ता, दिनेश यादव, सिम्पल कन्नौजिया और हैदर अली समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।