आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

शाही क्षेत्र के एक युवक का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। पीएम, सीएम और देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
HIGHLIGHTS:

➡️ सोशल मीडिया पर युवक का आपत्तिजनक वीडियो वायरल
➡️ पीएम, सीएम व देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप
➡️ शाही मंडल अध्यक्ष ने थाने में दी तहरीर
➡️ वीडियो में युवक से उठक-बैठक और माफी भी दिखाई दी

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम

शाही (बरेली)। सोशल मीडिया पर एक युवक का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से शाही क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया है। वायरल वीडियो में युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करता दिखाई दे रहा है। मामले को गंभीर मानते हुए शाही मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक युवक लगातार आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता नजर आ रहा है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति आरोपी युवक को पीटते हुए और उठक-बैठक लगवाकर उससे माफी मंगवाता हुआ भी दिखाई देता है। युवक वीडियो में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता है और खुद को तुरसा पट्टी का निवासी बताता है।

शाही मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह को जैसे ही इस वीडियो के वायरल होने की जानकारी मिली, उन्होंने इसे समाज में नफरत और अशांति फैलाने वाला कृत्य बताते हुए थानाध्यक्ष को तहरीर सौंपी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

शिकायत मिलने के बाद थानाध्यक्ष राजेश कुमार भैंसला ने सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ युवक के गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की। हालांकि युवक अपने घर पर नहीं मिला और मकान पर लंबे समय से ताला लटका पाया गया। पुलिस के अनुसार युवक काफी समय से बाहर कमाने गया हुआ है और वहीं से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार भैंसला ने बताया कि वायरल वीडियो शाही क्षेत्र का नहीं, बल्कि बाहर का है। युवक केवल शाही क्षेत्र का निवासी है, घटना का शाही क्षेत्र से सीधा संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता, स्थान और आरोपी युवक की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के उपरांत साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।