सेमीखेड़ा में जली आस, बुझा विश्वास
बरेली की किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में पूजा-पाठ और हवन के साथ गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ तो हुआ, लेकिन अगले ही दिन मशीनें खामोश रहीं। किसानों की उम्मीदें फिर अधर में लटक गईं।
➡️ सेमीखेड़ा चीनी मिल में धूमधाम से हुआ शुभारंभ
➡️ हवन, पूजा और सम्मान समारोह के बाद भी मशीनें खामोश
➡️ किसानों की मेहनत फिर अधर में, गन्ना अटका खेतों में
➡️ डीएम अविनाश सिंह ने दिया सख्त निर्देश
➡️ कहा – लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
➡️ किसानों की आवाज — “हमारी मेहनत मंच पर नहीं, मिल में दिखे”
➡️ उद्घाटन के शोर में किसानों का दर्द दब गया
हवन की लौ तो जली, पर मिल की मशीनें खामोश रहीं
जन माध्यम
देवरनियां।बहेड़ी। बरेली जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में सोमवार को गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ तो धूमधाम से हुआ हवन, पूजा, पटला पूजन, मंत्रोच्चारण, और फूलों से सजा मंच। पर अगले ही दिन जब मशीनें चलनी थीं, तो खामोशी गूंज उठी। मिल प्रबंधन की लापरवाही ने किसानों की उम्मीदों को फिर से अधर में लटका दिया।डीएम अविनाश सिंह ने खुद मोर्चा संभाला था। उन्होंने मिल परिसर पहुंचकर पूजा की, किसानों को सम्मानित किया और देवरनियां के छेदालाल की बैलगाड़ी से आए पहले गन्ने को अपने हाथों से पटले पर डलवाया।
सांसद छत्रपाल गंगवार और एमएलसी बहोरनलाल मौर्य की मौजूदगी में जय किसान के नारे गूंजे, पर अगले दिन उन नारों की जगह सन्नाटा था।मिल के 42 वें पेराई सत्र का लक्ष्य इस बार 35 लाख क्विंटल गन्ने का रखा गया है लेकिन अफसरों के सख्त निर्देशों के बावजूद मशीनें चालू नहीं हो सकीं। न पर्याप्त गन्ना आया, न मशीनरी पूरी तरह तैयार थी। पिछले वर्ष भी यही नजारा था 38 लाख क्विंटल लक्ष्य में से केवल 23.20 लाख क्विंटल गन्ना ही पेराई हो सका था।
डीएम अविनाश सिंह ने इस बार पहले ही दो औचक निरीक्षण किए थे और आदेश दिया था कि तैयारियां पक्की हों, किसानों को निराशा न हो। लेकिन मिल प्रबंधन ने आदेश को हवा में उड़ा दिया। उद्घाटन के एक दिन बाद मिल के पहिए जाम हैं,और किसानों के चेहरों पर बेचैनी साफ झलक रही है।स्थानीय किसान बोले हमारा पसीना बहाकर जो गन्ना उगाया, वो मिल के गेट पर पड़ा है। अधिकारी आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, भाषण देते हैं, फिर सब गायब।
डीएम ने मंगलवार को सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि इस बार किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, पेराई सत्र हर हाल में सुचारू चलेगा। उन्होंने मिल के मंदिर में पूजा की और देवरनियां स्थित हजरत हिसामुद्धीन उर्फ धाने वाले मियां की दरगाह पर चादर चढ़ाकर किसानों की समृद्धि की दुआ मांगी।
शुभारंभ समारोह में एसडीएम बहेड़ी इशिता किशोर, सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य, उपसभापति सत्यपाल गंगवार, भाजपा नेत्री श्रुति गंगवार, ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी और जीएम एडीपी मनीष मौजूद रहे।लेकिन सवाल वही हवन की लौ तो जल उठी, पर मिल की भट्टियाँ कब जलेंगी?किसान अब सिर्फ एक बात कह रहे हैं हमारी मेहनत को शोभा मंच पर नहीं, मिल की मशीनों में दिखनी चाहिए।