अवैध खनन : देवरनियां में धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन, मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद भी नहीं थमा
1. पुलिस और राजस्व विभाग पर उठे सवाल, थाने के सामने से गुजर रहे मिट्टी भरे डम्पर
2. खनन माफियों को कानूनी संरक्षण प्राप्त होने का भी आरोप
3. देवरनियां इंस्पेक्टर बोले परमिशन, जिला खनन अधिकारी बोले कोई परमिशन नहीं
देवरनियां, बरेली। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलन्द हो गए हैं, कि उन्हें भ्रष्टाचार को लेकर सख्त योगी सरकार और जिले के ईमानदार अफसरों का भी कोई खौफ नहीं रह गया है। पुलिस और राजस्व विभाग से सेटिंग कर कोतवाली देवरनियां इलाके में अवैध खनन का खेल फिर होने लगा है। सूबे के मुख्यमंत्री से शिकायत करने के बावजूद भी अवैध खनन नहीं थमा है। साथ ही खनन माफियाओं को कानूनी संरक्षण हासिल होने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई अमल में न लाने से पुलिस और राजस्व विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कोतवाली देवरनियां इलाके में छोटे स्तर पर तो खनन तो काफी समय से चल ही रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से गांव पखुर्नी में जेसीबी से अवैध रूप से बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है। मिट्टी डम्परों से लादकर देवरनियां में शेरिया इंटर कॉलेज के पास समेत अन्य जगह डाली जा रही है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलन्द हैं, कि यह दिन में बेखौफ होकर चल रहा है। यही नहीं मिट्टी भरे डम्पर देवरनियां कोतवाली के सामने से होकर गुजर रहे हैं। मगर, पुलिस भी आंखे फेरे हुए है।सूत्रों के मुताबिक इस अवैध खनन की जानकारी इलाकाई पुलिस के साथ-साथ राजस्व विभाग को भी है। मगर, फिर भी अवैध खनन बेखौफ होकर चल रहा है। साथ ही सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से की गई शिकायत पर तीन दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से पुलिस और राजस्व विभाग की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।पिछले दो माह पूर्व एसडीएम ने टीम भेजकर पखुर्नी गांव में अवैध खनन को पकडवाया था। लेकिन अब फिर शुरू हो गया है। और यह तीन दिन से जारी है।
खनन माफियाओं को कानूनी संरक्षण होने का आरोप
देवरनियां इलाके में जेसीबी से अवैध खनन होने की शिकायत सोशल मीडिया एक्स के जरिय सूबे के मुख्यमंत्री समेत अन्य अफसरों से की गई है, जिसमें कहा गया है,कि गुलाम साबिर, सोनू यादव, प्रशान्त पंडित समेत अन्य खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन किया जा है,और खनन माफियाओं को कानूनी संरक्षण प्राप्त होने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा देवरनियां के गांव इडौआ निवासी विजय गंगवार, दमखोदा निवासी गुड्डू, और बांसबोझ निवासी त्रिवेन्द्र द्वारा भी अवैध खनन किया जाने की शिकायत हैं। सूत्रों के मुताबिक इन खननकर्ताओं की पुलिस से सेटिंग है।
इंस्पेक्टर बोले परमिशन, जिला खनन अधिकारी बोले कोई परमिशन नहीं
अवैध खनन पर जब इंस्पेक्टर देवरनियां दिनेश कुमार शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उक्त खनन की परमिशन है। अब बडा सवाल, कि जेसीबी की परमिशन कब से होने लगी? जबकि यह शासन से वैन है। इंस्पेक्टर से जब कहा गया, कि जेसीबी की परमिशन कब से होने लगी? तो वह इस सवाल को राजस्व अमले पर टाल गए। वहीं इस मामले में जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार का कहना था कि कोई परमिशन नहीं है। अब जाहिर है, कि खनन माफियाओं की कहां सेटिंग है। इस मामले में एसडीएम रात्निका श्रीवास्तव ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
बिना परमिशन अगर खनन हो रहा है, तो यह गंभीर मामला है, किसी तरह की कोई परमिशन नहीं है। अवैध खनन पर कार्रवाई की जाएगी।"
मनीष कुमार, जिला खनन अधिकारी बरेलीजांच कराई जा रही है, अगर बिना परमिशन के खनन पाया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रात्निका श्रीवास्तव, एसडीएम बहेड़ी