वर्दी की आड़ में वसूली, पुलिसकर्मियों ने युवक को किया अगवा, मांगे दो लाख...

वर्दी की आड़ में वसूली, पुलिसकर्मियों ने युवक को किया अगवा, मांगे दो लाख...
निलंबित पुलिसकर्मी
HIGHLIGHTS:

1. एसएसपी ने किया चौकी प्रभारी समेत 3 को निलंबित
2. आरोपी पुलिसकर्मी फरार, अपहरण समेत वसूली का मुकदमा दर्ज

बरेली। पुलिस की वर्दी का रौब, अपराधियों जैसी हरकतें। ताज़ा मामला देहात के थाना फतेहगंज पश्चिमी का है, जहां चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों ने एक युवक को जबरन अगवा कर लिया और छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की मांग कर डाली। मगर, पीड़ित परिवार ने हिम्मत दिखाई और पुलिसिया गुंडागर्दी को उजागर कर दिया। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर न केवल आरोपियों को निलंबित किया गया बल्कि उनके खिलाफ अपहरण समेत वसूली के तहत एफआईआर भी दर्ज हो गई।

घटना गुरुवार रात की है। फतेहगंज पश्चिमी चौकी प्रभारी बलवीर सिंह, सिपाही मोहित चौधरी और हिमांशु, भिटौरा गांव निवासी किसान बलवीर के घर पहुंचे। बिना किसी वारंट के घर में घुसकर उन्होंने तलाशी ली। सामान बिखेर दिया और फिर जबरन बलवीर को अपने साथ उठा ले गए।इसके बाद बलवीर को एक निजी आवास में बंधक बनाकर परिजनों को फोन किया। धमकी दी गई कि बलवीर स्मैक तस्करी में शामिल है और अगर उसे छुड़ाना है तो दो लाख रुपये का इंतजाम करो। परिवार सकते में आ गया, लेकिन डरने के बजाय उन्होंने मामले की शिकायत सीधे आईजी और एसएसपी बरेली से कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर जब सीओ हाईवे मौके पर पहुंचे। तो पुलिसिया रंगबाजी करने वाले ये आरोपी खुद ही भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस ने बलवीर को छुड़ा लिया और जब मामले की जांच हुई। तो आरोप पूरी तरह से सही निकले। फतेहगंज पश्चिमी चौकी प्रभारी समेत तीनों पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है। 

 

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी टीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इतना ही नहीं दरोगा बलवीर सिंह, सिपाही मोहित चौधरी और हिमांशु पर अपहरण एवं वसूली की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपी पुलिसकर्मी फरार हैं जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की करदी है।"