संपूर्ण समाधान में पहुंचे डीएम व एसएसपी, जनसमस्याएं सुन अफसरों को दिए निर्देश
1. शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण: डीएम
बरेली। जिले में शासन के निर्देश पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने भमौरा थाने पहुंचकर जन समस्याओं की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं एवं अन्य जनहित से जुड़े कई प्रकरण प्रस्तुत किए गए। डीएम ने समाधान रजिस्टर का अवलोकन किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर की गई कार्रवाई का उल्लेख समाधान रजिस्टर में किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाधान दिवस पर थाने के बाहर सूचना पट्ट (बैनर) अवश्य लगाया जाए। जिससे आमजन को इसकी जानकारी समय रहते मिल सके। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर सरकारी व निजी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।एसएसपी ने जनसुनवाई के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सजग रहना आवश्यक है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आंवला नहेने राम, भमौरा थाना प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।