सीएमओ साहब, कभी रिछा सीएचसी का हाल भी देख लीजिए...मुख्यमंत्री आरोग्य मेले को मज़ाक समझ बैठे स्वास्थ्य कर्मी!

सीएमओ साहब, कभी रिछा सीएचसी का हाल भी देख लीजिए...मुख्यमंत्री आरोग्य मेले को मज़ाक समझ बैठे स्वास्थ्य कर्मी!
पौने दस बजे तक रिछा सीएचसी पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का हाल।
HIGHLIGHTS:

1. मीडिया में फोटो आते ही मची हलचल
2. रस्म अदायगी के लिए पहुंचे चंद कर्मचारी

रिछा, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर हर रविवार चलने वाला मुख्यमंत्री आरोग्य मेला अब कुछ स्वास्थ्य कर्मियों के लिए सिर्फ बैनर और मेज तक सिमट कर रह गया है। रिछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की हालिया स्थिति इस बात का उदाहरण है, जहां रविवार को पौने दस बजे तक न कोई डॉक्टर दिखा, न ही कोई स्वास्थ्य सेवा।

"नापतोल न्यूज़" टीम जब रविवार सुबह 9:47 बजे सीएचसी रिछा पहुंची, तो वहां सिर्फ बैनर और खाली मेजें मिलीं। मेले के नाम पर न कोई सजावट थी, न कोई तैयारी। अस्पताल के बाहर कुछ मरीज इलाज की उम्मीद लेकर बैठे थे, मगर वो भी मायूस होकर लौटने लगे। गर्मियों में अस्पताल का समय सुबह आठ से दो बजे तक निर्धारित है, इसके बावजूद मेले के वक्त तक एक भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। ये हाल तब है जब आरोग्य मेला, प्रदेश सरकार की प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की अहम योजना है। 

जैसे ही यह तस्वीरें मीडिया में सामने आईं, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कुछ कर्मचारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक लापरवाही उजागर हो चुकी थी। कुल मिलाकर तीन-चार कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर महज रस्म अदायगी की।

जब इस संबंध में सीएचसी रिछा का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे आंवला सीएचसी अधीक्षक डॉ. शशांक कुमार यादव से बात की गई तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए सिर्फ साढ़े दस बजे कुछ कर्मचारियों की बैठी फोटो भेज दी और यही दिखाने की कोशिश की कि मेला संचालित है।

पूरे मामले को लेकर जब सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बातचीत नहीं हो सकी।