अवैध घुसपैठ पर बड़ी कार्रवाई
बरेली पुलिस ने 2 महीने के अभियान में दर्जनों अवैध रोहिंग्या-बांग्लादेशी चिह्नित किए, 3 बहनें-झोलाछाप डॉक्टर सहित गिरफ्तार, चार्जशीट दाखिल।
➡️ 2 महीने का खुफिया अभियान, 7000 से ज़यादा संदिग्धों की जांच
➡️ दर्जनों अवैध रोहिंग्या-बांग्लादेशी चिह्नित
➡️ 3 सगी बहनें + झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, जेल भेजे
➡️ चार्जशीट दाखिल, डिपोर्ट की प्रक्रिया अंतिम चरण में
➡️ SP सिटी की अगुवाई में पूरा नेटवर्क बेनकाब
➡️ बरेली में अवैध घुसपैठ पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
एसपी सिटी की सख़्ती से टूटा रोहिंग्या बांग्लादेशी का नेटवर्क
जन माध्यम
बरेली। सुरक्षा सिर्फ सीमाओं पर तैनात जवान नहीं संभालते कभी कभी शहर की धड़कनों को भी एक मजबूत पहरेदार की जरूरत होती है। यह भूमिका निभा रहे हैं एसपी सिटी, जिनकी अगुवाई में पुलिस ने अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की है। उनके नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान केवल पुलिस की जांच नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा, शांति और भविष्य को सुरक्षित रखने का एक बड़ा कदम बन गया है। जून माह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस और एलआईयू ने मिलकर दो महीने का विशेष अभियान चलाया। यह कोई सामान्य जांच नहीं थी टीमें झुग्गियों, अस्थायी बस्तियों, निर्माण स्थलों और घुमंतू परिवारों के बीच जाकर करीब सात हजार लोगों की गहन पड़ताल में जुटीं। इस दौरान जो सामने आया, उसने प्रशासन को भी चौंका दिया एक दर्जन से अधिक बांग्लादेशी नागरिक बरेली में अवैध रूप से रह रहे थे।इनमें तीन सगी बहनें और एक झोलाछाप डॉक्टर भी शामिल थे, जिन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अब इन दोनों मामलों में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है, जो इस संवेदनशील कार्रवाई का सबसे बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। एसपी सिटी की संवेदनशीलता इस बात में झलकती है कि इस ऑपरेशन को सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा गया। जिन लोगों ने खुद को देश के अलग-अलग राज्यों का निवासी बताया, उनसे शांत, मानवीय और संयमित तरीके से पूछताछ की गई। लेकिन जब किसी के पास नागरिकता साबित करने वाला दस्तावेज नहीं मिला, तो टीम ने बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई आगे बढ़ाई। अब शासन के नए आदेशों के बाद इन सभी संदिग्धों की दोबारा गहन जांच हो रही है।
जिस दिन यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, उसी दिन अवैध विदेशी नागरिकों को डिटेन कर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।पुलिस का दावा है कि बरेली में अवैध घुसपैठ का पूरा नेटवर्क चिह्नित हो चुका है। एसपी सिटी की इस कार्रवाई ने न सिर्फ कानून का मान बढ़ाया है, बल्कि शहर में यह भरोसा भी मजबूती से जगा दिया है कि बरेली में सुरक्षा किसी समझौते की मोहताज नहीं यहाँ हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है।