वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण

बरेली वन स्टॉप सेंटर का राज्य महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडे ने सरप्राइज़ विजिट किया, 14 पीड़िताएं मौजूद, नवंबर में 109 केस आए।

वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण
HIGHLIGHTS:

➡️ महिला आयोग सदस्य का सरप्राइज़ विजिट
➡️ 14 पीड़िताएं अभी केंद्र में मौजूद
➡️ नवंबर में 109 मामले दर्ज
➡️ भोजन-सुरक्षा पर पीड़िताओं ने जताया संतोष
➡️ स्टाफ को संवेदनशीलता के सख्त निर्देश
➡️ गुणवत्तापूर्ण सेवा पर जोर

महिला आयोग सदस्य ने पीड़िताओं से की बातचीत, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की ली जानकारी

जन माध्यम 
बरेली।
राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य पुष्पा पांडे ने शनिवार को बरेली के वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से केंद्र प्रशासन सतर्क हो गया और सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान सदस्य ने केंद्र प्रबंधक चंचल गंगवार से केंद्र की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। प्रबंधक ने अवगत कराया कि वर्तमान में केंद्र में 14 पीड़िताएं अल्पावास के लिए रह रही हैं, जबकि माह नवंबर में कुल 109 प्रकरण केंद्र तक पहुंचे हैं। सभी प्रकरणों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सहायता, परामर्श और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
इसके बाद पुष्पा पांडे ने केंद्र में आवासित पीड़िताओं से अलग-अलग बातचीत की और उनकी समस्याओं, सुरक्षा, खाद्य सुविधा व अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। पीड़िताओं ने बताया कि उन्हें केंद्र में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। भोजन उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार मिलता है और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाती है। पीड़िताओं ने यह भी कहा कि केंद्र का वातावरण सुरक्षित है और स्टाफ समय पर सहयोग करता है।सदस्य ने केंद्र प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी सुविधाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए संकट की घड़ी में सुरक्षा, सहारा और सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक पीड़िता के साथ संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ व्यवहार किया जाए।निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी रेखा कुमारी, जिला मिशन समन्वयक रिंकी सैनी सहित पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।