राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ तेज़
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ तेज़, बैंक अधिकारियों को अधिकतम वादों के निस्तारण के निर्देश।
➡️ राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर बैंक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक
➡️ चिन्हित मामलों को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश
➡️ समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक वाद निस्तारण पर जोर
➡️ 10 से 12 दिसंबर तक विशेष लोक अदालत भी आयोजित
➡️ लोक अदालत के लाभ के लिए जनता से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील
बैंक अधिकारियों की बैठक सम्पन्न अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर सख़्त निर्देश
जन माध्यम
बरेली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण,नई दिल्ली के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायालय सभागार में बैंक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह द्वितीय,अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीएलएसए के मार्गदर्शन में की गई। बैठक का संचालन अपर जनपद न्यायाधीश रामानंद, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत, ने किया। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोक अदालत के लिए चिन्हित वादों को प्राथमिकता के साथ तैयार किया जाए तथा अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य समझौते के माध्यम से लंबित वादों को तेजी से निपटाना है, इसलिए बैंक अधिकारी सक्रिय सहयोग दें। डीएलएसए के सचिव उमा शंकर कहार ने बताया कि सभी बैंकों द्वारा तैयार किए गए वादों की जानकारी एकत्र कर ली गई है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों के नोटिस भेजे जाने आवश्यक हैं, उनमें शीघ्रता दी जाए ताकि अधिकतम लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें। बैठक में लीड बैंक मैनेजर वी.के. अरोड़ा, केनरा बैंक से अरुण कुमार सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा से आशुतोष, पंजाब नेशनल बैंक से राजन कुमार, यूपी ग्रामीण बैंक से विनोद कुमार, यूको बैंक से वैभव कुमार, सेंट्रल बैंक से प्रशांत रंजन, तथा डीएलएसए से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव उमा शंकर कहार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले 10 से 12 दिसंबर तक विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है, जिसमें लघु आपराधिक वादों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा। सभी न्यायालयों ने ऐसे मामलों का चयन कर लिया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विशेष और राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का शीघ्र एवं सहज निस्तारण कराएं। लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु पैरा लीगल वॉलंटियर्स को शहरभर में लगाया गया है, जो लोगों को इसके लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।